सहारनपुर में कोचिंग केंद्रों की जांच तेज

सहारनपुर में कोचिंग केंद्रों की जांच तेज
सहारनपुर में अपने कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते सिटी मैजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह।

सहारनपुर। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सहारनपुर जिला प्रशासन ने जनपद में संचालित कोचिंग सेंटरों, होटल, अस्पताल, मॉल एवं अन्य व्यावसायिक संस्थानों की जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच अभियान के दौरान थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित पारसनाथ प्लाजा समेत कई स्थानों पर संचालित कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण में कुछ संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, जिसके बाद संबंधित संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने मानकों का पालन नहीं करने वाले कुछ संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई भी की है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शहर में कई कोचिंग सेंटर संकरी गलियों और रिहायशी क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं, जहां आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा संबंधी अन्य मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा है। प्रशासनिक टीम के पहुंचने पर कुछ संस्थानों के संचालक भी मौके पर अनुपस्थित मिले। सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने बताया कि जनपद में कोचिंग संस्थानों की व्यापक जांच जारी है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर संस्थानों को सील भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कोचिंग सेंटरों के अलावा होटल, मॉल, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की भी जांच की जा रही है। जहां कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply