अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हवाई हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा, कहा- क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा

अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हवाई हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा, कहा- क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया है। भारत ने इन हमलों को बिना किसी उकसावे के की गई आक्रामक कार्रवाई करार देते हुए अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया है।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि पाकिस्तान के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई निर्दोष नागरिकों की मौत हुई है, जिसकी भारत कड़ी निंदा करता है। मंत्रालय ने कहा कि यह हमला न केवल अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है, बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए भी सीधा खतरा है।

भारत ने जताई संवेदना

विदेश मंत्रालय ने कहा, “भारत उन अफगान परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है जिन्होंने इस हमले में अपने प्रियजनों को खोया है। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं और अफगानिस्तान की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को दोहराते हैं।”

भारत ने अपने बयान में पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना उसके गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाती है। मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए अपनी सीमाओं से बाहर हिंसक कार्रवाइयों का सहारा लेने की निरर्थक कोशिश कर रहा है।

पाकिस्तान का दावा

इस बीच, पाकिस्तान ने सोमवार (29 जून) को दावा किया कि उसके सुरक्षा बलों ने अफगान सीमा के निकट अभियान चलाकर 29 चरमपंथियों को मार गिराया है। बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने एक-दूसरे के राजनयिक प्रतिनिधियों को तलब कर औपचारिक विरोध दर्ज कराया है।

अफगानिस्तान ने लगाए गंभीर आरोप

अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में आरोप लगाया कि पाकिस्तान के हवाई हमले रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर किए गए, जिनमें महिलाओं और बच्चों सहित 36 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 163 अन्य लोग घायल हुए हैं।

अफगानिस्तान ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवीय सिद्धांतों और देश की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है। हालांकि, अफगानिस्तान के इन आरोपों पर पाकिस्तान की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब दोनों देशों के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।