IND vs SA: हिटमैन रोहित की तूफानी बैटिंग, रांची में सिक्स लगाकर जड़ा टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक

IND vs SA: हिटमैन रोहित की तूफानी बैटिंग, रांची में सिक्स लगाकर जड़ा टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक

हाइलाइट्स

  • रोहित शर्मा ने रांची टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में 212 रन बनाए
  • यह रोहित के टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक है, जबकि छठी सेंचुरी है
  • रोहित ने अपना शतक भी छक्के से पूरा किया था और दोहरा शतक भी छक्के से पूरा किया
  • उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 212 रन के लिए 255 गेंद खेलीं, जबकि 28 चौके और 6 छक्के जड़े

रांची
ओपनर रोहित शर्मा (212 रन, 255 गेंद, 28 चौके और 6 छक्के) ने रांची में अपने टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। उन्होंने रांची में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन 249 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया। इस दौरान हिटमैन ने 28 चौके और 5 छक्के लगाए। यह पहला मौका है, जब रोहित ने टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा है, जबकि तीसरी बार वह 150 से अधकि रन बनाने में कामयाब हुए हैं। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 177 रन था, जो उन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में वेस्ट इंडीज के खिलाफ कोलकाता में नवंबर, 2013 में बनाया था।

इससे पहले महज 39 रनों के टीम स्कोर पर 3 विकेट गिरने के बाद रोहित ने अजिंक्य रहाणे के साथ बेजोड़ बैटिंग शुरू की और 86वीं गेंद पर चौके के साथ हाफ सेंचुरी पूरी की, जबकि सेंचुरी के लिए उन्होंने 130 गेंदों का सामना किया था। उनका शतक पहले दिन ही बन गया था। तीसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल खराब रोशनी की वजह से तय समय से पहले खत्म हुआ तो ओपनर रोहित (नाबाद 117 रन) और उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (नाबाद 83 रन) क्रीज पर थे। इन्हीं दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे दिन की शुरुआत की।

छक्के से दोहरा शतक भी
जहां रहाणे (115) ने 100वां रन 69वें ओवर की पहली गेंद पर एनरिक को सिंगल लेकर पूरा किया, जबकि रोहित ने 199वीं गेंद पर सिंगल लेकर 150 रन पूरे किए। रोहित को टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक बनाने के लिए 249 गेंदें लगीं। यह करिश्माई रन उन्होंने 88वें ओवर की पहली गेंद पर लुगी एंगिडी को सिक्स लगाकर लिया। रेकॉर्ड के तौर पर देखा जाए तो रोहित पहले भारतीय टेस्ट ओपनर हैं, जिन्होंने किसी टेस्ट सीरीज में दो बार 150 या उससे अधिक रन का स्कोर किया है। ऐसा करने वाले वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले बल्लेबाज हैं।

वनडे और टेस्ट दोनों में दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज

  • सचिन तेंडुलकर
  • वीरेंदर सहवाग
  • क्रिस गेल
  • रोहित शर्मा

212 रन पर हुए आउट
इसी ओवर में उन्होंने लुंगी को एक और सिक्स लगाया, लेकिन अगले ही ओवर में राबाडा को उसी अंदाज में सिक्स लगाने के चक्कर में सीमारेखा के पास लुंगी एंगिडी के हाथों लपक लिए गए। उन्होंने 255 गेंदों में 28 चौके और 6 छक्के की मदद से 212 रन बनाए। उनके और जडेजा के बीच 5वें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी हुई।

छक्के से ही पूरा किया था शतक
उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज में पहली बार भारत के लिए टेस्ट में ओपनिंग करने उतरे थे। उन्होंने पहले टेस्ट (जो विशाखापत्तनम में खेला गया था) की पहली पारी में 176 रन की पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में 127 रन बनाए। रांची में लगाया गया शतक रोहित के टेस्ट करियर की छठी सेंचुरी है। उन्होंने शतक के लिए 130 गेंदों का सामना किया, जबकि 13 चौके और 4 छक्के लगाए। रोहित ने 100वां रन सिक्स से पूरा किया, जो डेन पीट की गेंद (44.4 ओवर) पर लगाया गया था।

छक्के से शतक पूरा करने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • 6 बार: सचिन तेंडुलकर
  • 2 बार: गौतम गंभीर
  • 2 बार: रोहित शर्मा

सीरीज में 500 रन और अजहरुद्दीन हुए पीछे
यह सीरीज में रोहित का तीसरा शतक है। अपनी डबल सेंचुरी पारी के दौरान ही रोहित शर्मा ने मौजूदा सीरीज में 529 रन हो गए हैं। वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अजहरुद्दीन के 388 रनों के रेकॉर्ड को पीछे छोड़ा। वह इस टेस्ट सीरीज में सबसे अधिक रन, सबसे अधिक 3 शतक, सबसे अधिक चौके 62 और सबसे अधिक 19 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। बता दें कि इस सीरीज से पहले रोहित के नाम सिर्फ तीन शतक थे, लेकिन उनके नाम अब 30 टेस्ट मैचों में छह शतक हो गए हैं। उनके नाम 10 अर्धशतक भी हैं।

रांची में रोहित शर्मा का तूफानी शतक, टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा सिक्स का रेकॉर्ड

रांची में रोहित शर्मा का तूफानी शतक, टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा सिक्स का रेकॉर्ड

 

रोहित शर्मा

रोहित शर्मा

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे