रिटायर्ड IAS अधिकारी की पत्नी की हत्या मामले में 40 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, CCTV में दिखे दो युवकों पर टिकी जांच
लखनऊ। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी देवेंद्र नाथ दुबे की पत्नी मोहिनी की हत्या और लूटपाट के मामले में 40 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। कैंट क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे में दिखे स्कूटी सवार दो युवकों को संदिग्ध मानकर पुलिस जांच कर रही है। इसमें स्कूटी चला रहा युवक हेलमेट लगाए है, जिसमें शीशा नहीं है। पीछे बैठा उसका साथी गहरे रंग की शर्ट पहने है और उसके बाल बड़े हैं। वह एक पिट्टू बैग भी लिए है।
युवकों की उम्र 30 से 35 साल के बीच है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों युवक वही हैं, जिन्होंने देवेंद्र के इंदिरानगर सेक्टर 20 के आवास में लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। ये दोनों स्कूटी सवार घटना स्थल के पास भी दिखाई दिए थे। पुलिस टीम ने करीब 400 सीसी कैमरे खंगाले, तब जाकर इनकी फुटेज मिली है।
नोएडा से लखनऊ क्यों नहीं पहुंचा बड़ा बेटा?
दूसरी तरफ पुलिस परिचितों की भूमिका भी जांच रही है। इंस्पेक्टर थाना गाजीपुर विकास राय ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम देवेंद्र के घर गई थी। वहां, शांति पाठ का कार्यक्रम चल रहा था। कुछ देर रुकने के बाद पुलिस ने देवेंद्र से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने पूछा, गोमतीनगर का जो फ्लैट 90 लाख में बिका था उसकी रकम मोहिनी को कब और कैसे दी थी? इसके अलावा घर में कौन-कौन आता जाता था? उन्हें किसी पर शक तो नहीं? तमाम अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली गई। वहीं, छोटे बेटे प्रतीक से भी जानकारियां जुटाई गई हैं, लेकिन उसने कुछ ज्यादा बात नहीं की। वहीं, नोएडा में रहने वाला बड़ा बेटा प्रांजल दूसरे दिन भी लखनऊ नहीं आया। पुलिस का दावा है कि घटना का राजफाश जल्द कर दिया जाएगा। फुटेज में कैद संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
रविवार को हुई थी घटना
रविवार सुबह करीब सात बजे देवेंद्र, ड्राइवर रवि के साथ गोल्फ क्लब गए थे। इस बीच उनके घर में घुसे बदमाशों ने लूटपाट के बाद पत्नी मोहिनी के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। देवेंद्र की पहली पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। इसके बाद देवेंद्र ने मोहिनी से 2007 में शादी की थी। मोहिनी शादी के पहले एनजीओ चलाती थीं।
हीरे की अंगूठी भी गायब, टब में मिला पासपोर्ट और पर्स
देवेंद्र ने नकदी के साथ ही अलमारी में रखे गहने भी गायब होने की बात बताई है, लेकिन रकम और गहने कितने के थे यह जानकारी वह नहीं दे पाए हैं। उन्होंने बताया कि एक हीरे की अंगूठी भी गायब है। पुलिस को पानी भरे टब में पासपोर्ट और एक पर्स भी मिला है।