नकुड़, 16 सितंबर। इंद्रेश। राष्ट्रीय बजरंग दल ने धार्मिक यात्राओं के दौरान देवी-देवताओं के स्वरूप में किए जाने वाले कथित अमर्यादित नृत्य और प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन कोतवाली में सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि शाकुंभरी देवी मंदिर जाने वाली कुछ पदयात्राओं के दौरान रास्ते में कुछ लोग देवी-देवताओं और भगवान के विभिन्न स्वरूप धारण कर सड़कों पर नृत्य करते हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि कई बार ऐसे प्रदर्शन अशोभनीय और धार्मिक भावनाओं के विपरीत दिखाई देते हैं।
राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक यात्राओं और देवी-देवताओं के स्वरूपों को तमाशे या अशोभनीय प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। इससे धार्मिक मर्यादा और श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित होती है। उन्होंने ऐसे प्रदर्शनों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में धार्मिक यात्राओं के दौरान पुलिस निगरानी बढ़ाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
इस अवसर पर बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष राहुल सढौली, राष्ट्रीय बजरंग दल के नगर अध्यक्ष पवन शर्मा, पंकज सैनी, विशाल तोमर, शंकराचार्य कुमार, सनी तथा पंकज शर्मा मौजूद रहे।