मेरठ एडीजी का राणा आदित्य प्रताप व सुयश प्रताप ने किया स्वागत
नवरात्र मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से ली जानकारी
बेहट (सहारनपुर)। सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में आगामी नवरात्र मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर का मंदिर व्यवस्थापक राणा आदित्य प्रताप सिंह और उनके पुत्र सुयश प्रताप राणा ने स्वागत किया। इस दौरान एडीजी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर मेले की तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि नवरात्र मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराने के साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मंदिर व्यवस्थापक राणा आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि मां शाकंभरी देवी के नवरात्र मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि मेले में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, एसपी देहात मयंक पाठक, एसडीएम सुबोध कुमार, सीओ बेहट शशि प्रकाश शर्मा समेत पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
