आसपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

आसपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
सहारनपुर में नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता।

सहारनपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा और संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की।

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के युवा जिलाध्यक्ष सचिन देव के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।

ज्ञापन में गोंडा और अयोध्या में हुई हत्याओं, बाराबंकी में सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए कथित हमले, पंचायत सहायकों की मांगों, 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण तथा धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों को उठाया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल में चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोके जाने के बाद पथराव और हिंसक हमले की शिकायत सामने आई थी। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा पुलिस की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।

इसके साथ ही पार्टी ने चंद्रशेखर आजाद का तत्काल थ्रेट असेसमेंट कर आवश्यकता के अनुसार उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

ज्ञापन में लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे पंचायत सहायकों की मांगों का समाधान कराने तथा 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग भी की गई।

वहीं सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद समेत अन्य इस्लामिक धार्मिक स्थलों के संबंध में की जा रही कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की गई। पार्टी ने कहा कि किसी भी कार्रवाई में कानून और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए तथा भेदभाव की संभावना को समाप्त किया जाना चाहिए।

आसपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से सभी मामलों का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की। प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply