सहारनपुर में फतेहपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी एवं बरामद चोरी का सामान।
सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें, सात बैटरे और नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना फतेहपुर पुलिस ने थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुबोध शर्मा एवं शेषपाल सिंह की टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कमालपुर रोड स्थित बिजलीघर के पास दो मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान तौकीर पुत्र इस्लाम, निवासी सड़क पार मोहल्ला धोबियान, कस्बा व थाना बेहट तथा साकिब पुत्र कामिल, निवासी इंद्रा कॉलोनी, कस्बा व थाना बेहट के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल, नौ मोबाइल फोन तथा बेहट क्षेत्र में विभिन्न टावरों से चोरी किए गए सात बैटरे बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।