पंजाब में CBI रेड पर भड़के CM मान, लगाया ED-CBI के गलत इस्तेमाल का आरोप
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छापेमारी की है. इस छापेमारी से पंजाब की सियासत में हलचल मच गई है. मान ने बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा है और आरोप लगाए हैं कि प्रदेश के 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले उनकी सरकार को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
उन्होंने इस कार्रवाई को बीजेपी की हताशा बताया है जो सत्ता में आने के लिए बेताब है. मान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्वीट भी किया है. वहीं, कांग्रेस ने AAP सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं.
मान ने कहा- अब ED-CBI का गलत इस्तेमाल होगा
उन्होंने लिखा, ‘BJP ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. CBI ने मेरे कैंप ऑफिस पर रेड मारी. अब ED और CBI का पंजाब में गलत इस्तेमाल होगा ताकि पंजाब सरकार और मुझे बदनाम किया जा सके. लोगों से मिल रहा प्यार देखकर BJP घबरा गई है.’
मान ने रेड की टाइमिंग पर सवाल उठाए हैं. सीएम मान ने आरोप लगाया कि BJP ने किसानों के विरोध-प्रदर्शन से लेकर राज्य के पानी और पंजाब यूनिवर्सिटी के मुद्दे तक, हर मामले में पंजाब को बार-बार नजरअंदाज कियाहै. अब उनके कैंप ऑफिस पर CBI की कार्रवाई आने वाले चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों का ही एक हिस्सा है.
क्या है मामला?
दरअसल, चंडीगढ़ में सीएम आवास के पास CBI ने मंगलवार (6 अक्टूबर) को रेड की थी. CBI की टीम ने ये छापेमारी सीएम मुख्यमंत्री के ओएसडी (OSD) राजवीर सिंह घुम्मन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार, ट्रांसफर-पोस्टिंग और कैश फॉर पोस्टिंग के मामले में की है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) की शिकायत के बाद, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने 5 अक्टूबर को OSD के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे. इसके साथ ही CBI को मामले की जांच कर 2 महीने में रिपोर्ट सौंपने के लिए भी कहा है.
विपक्ष ने मान सरकार को घेरा
CM मान एक तरफ बीजेपी पर सरकारी एजेंसियों के गलत इस्तेमाल के आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ पंजाब में विपक्ष ने भी इन छापों को लेकर CM मान के कैंप ऑफिस तथा AAP सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं. पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक्स पर लिखा, “हाउस नंबर 50, मान का कैंप ऑफिस, और वही घर जहां से उनके दिल्ली के आका पंजाब को चलाते थे, अब वहां CBI छापा मार रही है.”
कांग्रेस नेता ने कहा, “विडंबना तो देखिए कि जिस जगह से पंजाब पर दिल्ली का रिमोट कंट्रोल चलता था, वो अब CBI की जांच के दायरे में है.” उन्होंने CBI से सच सामने लाने की मांग की है. इसके बाद एक अन्य ट्वीट में बाजवा ने बताया कि CBI ने अब आधिकारिक तौर पर पंजाब के CM भगवंत मान के ऑफिस और उनके OSD के आस-पास कथित तौर पर चल रहे भ्रष्टाचार के नेटवर्क के मामले में FIR दर्ज कर ली है.
उन्होंने आगे लिखा, ‘इसमें पोस्टिंग, टेंडर, लाइसेंस, पॉलिसी, जमीन के इस्तेमाल से जुड़े मामलों और सरकारी मंजूरी में हेर-फेर शामिल है. ये अब केवल राजनीतिक आरोपों का मामला नहीं रह गया है. हाई कोर्ट के आदेश पर जांच शुरू हो चुकी है. पंजाब सरकार को सब कुछ साफ-साफ बताना चाहिए कि ये सिस्टम कौन चला रहा था, इससे किसे फायदा हुआ और CM के ऑफिस में कौन इसे बचा रहा था?’
