स्वच्छ कुण्ड पर जलाए जाएंगे 11 हजार आशीर्वाद के दीप

स्वच्छ कुण्ड पर जलाए जाएंगे 11 हजार आशीर्वाद के दीप
सहारनपुर में निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते महापौर डॉ. अजय कुमार।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प और आशीर्वाद का दीया’ अभियान

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से सहारनपुर में एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री जाहरवीर गोगा महाड़ी परिसर स्थित स्वच्छ कुण्ड पर 11 हजार आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, कांशीराम कॉलोनी तथा रेलवे स्टेशन स्थित भगवान बुद्ध की प्रतिमा के आसपास भी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित कर राष्ट्र की समृद्धि की कामना की जाएगी।

नगर निगम के मां शाकंभरी सभाकक्ष में महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इस अवसर पर महापौर ने निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026, स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत-विकसित भारत’ तथा ‘सेवा संकल्प और आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेना है।

उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम सात बजे प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों तथा घरों में आशीर्वाद का दीया जलाकर किया जाएगा। शुभारंभ दिवस पर मोहल्ला समितियों एवं जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर सभी वार्डों में श्रमदान कराया जाएगा और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही वार्डों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।

महापौर ने बताया कि शाम सात बजे महानगर के पांच प्रमुख स्थलों—श्री जाहरवीर गोगा महाड़ी स्थित स्वच्छ कुण्ड, मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, कांशीराम कॉलोनी तथा रेलवे स्टेशन स्थित भगवान बुद्ध की प्रतिमा के आसपास दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य गरीबों, लोककल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके। उन्होंने लोगों से घर-घर दीप जलाने की अपील करते हुए कहा कि ‘जिसने देश का जीवन संवारा, उसको है आशीर्वाद हमारा’ की भावना के साथ दीप प्रज्वलित कर राष्ट्र की समृद्धि की कामना करें।

महापौर ने कार्यक्रमों में सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अधिकारियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने निगम अधिकारियों को अभियान के तहत नालों एवं सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पेड़ों की कटाई-छंटाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पांचों प्रमुख स्थलों पर भी कार्यक्रम के दौरान विशेष व्यवस्थाएं करने को कहा।

Leave a Reply