‘अमित शाह है तो कुछ भी…’, महाराष्ट्र में जारी सियासी उठा-पटक पर बोले बृज भूषण सिंह के सांसद बेटे
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) में टूट के बाद अब महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में बड़ी टूट की आशंका है. अब इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की कैसरगंज सीट से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया है. बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि “टीएमसी तो हो गया, शिवसेना चल रहा है. अमित शाह है तो कुछ भी हो सकता है. नेता जी हनुमान बताया था हनुमान है तो सबकुछ है.”
दरअसल, हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद ममता बनर्जी की टीएमसी में बड़ी टूट हुई थी. तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय का दावा किया, सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की और अलग पहचान की मांग भी की थी.
TMC सांसदों ने ममता बनर्जी के नेतृत्व के खिलाफ जाहिर किया था असंतोष
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद ही टीएमसी के भीतर आंतरिक कलह बढ़ती जा रही है. 1 जून को लोकसभा में टीएमसी सांसदों के एक बड़े वर्ग ने पार्टी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व के खिलाफ असंतोष जाहिर किया था.
शिवसेना (यूबीटी) ने सांसदों की बुलाई इमरजेंसी बैठक
उधर, महाराष्ट्र के विपक्षी दल शिवसेना (UBT) में बड़ी टूट की आशंका के बीच प्रदेश की सियासत गरमा गई है. अपने सांसदों की टूट की आशंका के बीच शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे खेमें में खलबली मची हुई है. पार्टी नेतृत्व ने व्हिप जारी कर सांसदों की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है. राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बताया कि सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी की गई है. उन्होंने बताया कि सांसदों की बैठक दिल्ली के पार्लियामेंट ऑफिस में सुबह 11.00 बजे से है.
