AAP छोड़कर BJP में गए हरभजन सिंह का विरोधियों पर पलटवार, ‘मुझे गद्दार कहने वालों पहले अपने…’
आम आदमी पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल पंजाब से राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने AAP पर बड़ा हमला बोलते हुए दावा किया है कि पंजाब की राज्यसभा सीटें बेची गई थीं. सोशल मीडिया पर ट्रोल किए जाने के बाद हरभजन सिंह ने कहा कि समय आने पर वह बताएंगे कि किसको कितना चढ़ावा गया था और किसकी तरफ से गया था.
हरभजन सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, “समय आने पर आपकी हर बात का जवाब दिया जाएगा और मैंने आपके किसी लीडर को गाली नहीं दी. मैं अपनी जुबान क्यों गंदी करूं. मुझे गद्दार कहने वालों पहले अपने लोगों से पूछो कि पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बेची थी. अगर ना बताए तो मैं बताऊंगा किसको कितना चढ़ावा गया था और कैसे किसको मंत्री-संतरी बनाया गया पंजाब को लूटने के लिए और लाला को माल पहुंचाने के लिए. पंजाब को लूट खा गए.”
AAP कार्यकर्ता ने हरभजन सिंह पर उठाए थे सवाल
दरअसल, आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हरभजन सिंह को ‘गद्दार’ बताते हुए सवाल उठाए थे. पोस्ट में पूछा गया था कि जिस नेता की दी हुई राज्यसभा सीट से वह सांसद बने, उससे इस्तीफा क्यों नहीं दिया गया और BJP में जाने की क्या मजबूरी थी? साथ ही 25-25 करोड़ रुपये में ‘बोली’ लगाए जाने का भी आरोप लगाया गया.
इसके जवाब में हरभजन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने किसी नेता को गाली नहीं दी और अपनी जुबान गंदी नहीं करना चाहते. हालांकि, उन्होंने ‘आप’ नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए पंजाब को लूटने का गंभीर आरोप लगाया.
हरभजन सिंह समेत 7 सांसद AAP छोड़ बीजेपी में हुए थे शामिल
बता दें कि हरभजन सिंह को आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा भेजा था. पिछले दिनों राघव चड्ढा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों ने पार्टी छोड़ दी थी और बीजेपी के साथ हाथ मिला लिया. इस सियासी उलट फेर के बाद से सभी 7 सांसदों को AAP कार्यकर्त्ताओं के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है.
