जिलाधिकारी ने किया स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण पर दिया जोर
- सहारनपुर में निरीक्षण दौरान अभिलेखों की जांच करते जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान।
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान ने शुक्रवार को निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज की ड्राइंग, टॉयलेट, फिनिशिंग एवं अन्य निर्माण कार्यों का विस्तार से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्पोर्ट्स कॉलेज की लोकेशन एवं उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे जनपद के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम के मुख्य अभियंता पुष्पेंद्र कुमार को निर्देशित किया कि प्रतिदिन की कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्यों की निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा भवन के सभी अधूरे कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने हॉकी एवं एथलेटिक्स ग्राउंड के लिए एस्ट्रो टर्फ लगाए जाने की प्रक्रिया को तकनीकी मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश देते हुए हॉकी ग्राउंड हेतु टेक्निकल कमेटी गठित करने और विशेषज्ञों की नियुक्ति करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेज को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए विशेषज्ञ एजेंसियों से भी परामर्श लिया जाए। कार्यदायी संस्था की ओर से जुलाई माह तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, उप जिलाधिकारी बेहट मानवेंद्र, क्रीड़ा अधिकारी राहुल चैपड़ा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
