नई दिल्ली। GT vs MI IPL 2022 इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 51वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस का सामना मुंबई इंडियंस से हुआ। मुंबई के ब्रेवान स्टेडियम में गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मुम्बई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन बनाए। आखिरी ओवर में गुजरात को 9 रन की जरूरत थी लेकिन डैनियल सैम्स ने महज 3 रन दिए और मुंबई ने 5 रन से रोमांचक जीत हासिल की। गुजरात की यह लगातार दूसरी हार है जबकि मुंबई के लिए सीजन की दूसरी जीत।

साहा-गिल की हाफ सेंचुरी बेकार 

मुंबई से मिले 178 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात के लिए ओपनर रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने धमाकेदार शुरुआत की। दोनों ने पावर प्ले में टीम के लिए 54 रन जोड़े। 11वें ओवर में टीम के स्कोर को 100 रन तक पहुंचा दिया। इस साझेदारी में साहा और शुभमन गिल दोनों ने अपने अपने पचास रन भी पूरे किए। 34 गेंद पर 6 चौके और 2 छक्के की मदद से साहा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। गिल ने 33 गेंद पर इतने ही छक्के और चौके जड़ते हुए हाफ सेंचुरी पूरी की।

मुरुगन अश्विन ने दोनों ओपनर को वापस भेज टीम को वापसी का मौका दिया। 36 गेंद पर 52 रन बनाकर शुभमन अपना कैच कीरोन पोलार्ड को दे बैठे। वहीं 40 गेंद पर 55 रन बनाने वाले साहा का कैच डैनियल सैम्स ने लपका। साई सुदर्शन 14 रन बनाने के बाद पोलार्ड की गेंद पर हिट विकेट होकर वापस लौटने पर मजबूत हुए। 24 रन के स्कोर पर कप्तान हार्दिक पांड्या रन आउट होकर वापस लौटे। आखिरी ओवर में राहुल तेवतिया भी रन आउट हो गए और टीम को हार का सामना करना पड़ा।

मुंबई की पारी

टास हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई के लिए ओपनर रोहित शर्मा और इशान किशन ने तेज शुरुआत की। पावर प्ले में दोनों ही बल्लेबाजों ने मिलकर गुजरात के खिलाफ बिना विकेट गंवाए 63 रन जोड़े। रोहित ने 24 गेेंद पर 5 चौके 2 छक्के से 42 रन बनाए तो इशान के बल्ले से 12 गेंद पर 19 रन निकले।

43 रन बनाकर रोहित राशिद खान के गेंद पर lbw होकर वापस लौटे। प्रदीप सांगवान में सूर्यकुमार यादव को 13 रन पर आउट कर टीम को दूसरी कामयाबी दिलाई। ईशान किशन 29 गेंद पर 45 रन बनाकर अल्जारी जोसेफ के ओवर में राशिद खान को कैच दे बैठे। राशिद खान ने कीरोन पोलार्ड को 4 रन पर आउट कर वापस भेजा

तिलक वर्मा 21 रन बना कर हार्दिक पंड्या के थ्रो पर रन आउट होकर वापस लौटे। इसके बाद डैनियल सैमस बिना खाता खोले लोकी फर्गुसन की गेंद पर अपना विकेट गवां बैठे।

मुंबई की प्लेइंग इलेवन में बदलाव 

गुजरात की टीम इस मैच में बिना किसी बदलाव के उतरी है जबकि मुंबई की टीम ने एक बदलाव किया है। टास के वक्त कप्तान रोहित शर्मा ने बताया ऋतिक शोकीन की जगह पर मुरुगन अश्विन को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है।

मुंबई की प्लेइंग इलेवन

 

रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, टिम डेविड, डैनियल सैम्स, मुरुगन अश्विन, कुमार कार्तिकेय, जसप्रीत बुमराह, रिले मेरेडेथ

गुजरात की प्लेइंग इलेवन

 

रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, साइ सुरदर्शन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, प्रदीप सांगवान, लोकी फुर्ग्युसन, अल्जारी जोसेफ, मोहम्मद शमी