श्रीमद् भागवत कथा के शुभारम्भ पर निकाली भव्य मंगल जल कलश यात्रा

- नगर निगम में भव्य मंगल जल कलश यात्रा निकालती श्रद्धालु महिलाएं।
सहारनपुर। सिद्धपीठ शिव बगलामुखी मंदिर के 20वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष में बैंडबाजों के साथ भव्य जल कलश यात्रा निकाली गई। स्थानीय स्थानीय पेपर मिल रोड स्थित ब्रह्मपुरी कालोनी स्थित सिद्धपीठ श्रीशिव बगलामुखी मंदिर के 20वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष में आयोजित श्रीमद भागवत कथा के पहले दिन बैंडबाजों के साथ निकाली गई भव्य जल कलश यात्रा बंगलामुखी मंदिर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई पुन: बगलामुखी मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
कलश यात्रा में सबसे आगे युवक धम्म ध्वजा लेकर चल रहे थे। उनके पीछे भगवान श्रीगणेश, भगवान शिव व भगवती अन्नपूर्णा एक वाहन पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे थे। जल कलश यात्रा में श्रद्धालु बारी-बारी से श्रीमद भागवत को अपने शीश पर धारण कर चल रहे थे। उनके पीछे 108 सौभागवती श्रद्धालु महिलाएं अपने सिर पर जल कलश रखकर चल रही थी। कथा स्थल पहुंचने पर आचार्य लोकेश दीक्षित वेदपादी, आचार्य मोहित दीक्षित, आचार्य अनिल शर्मा, आचार्य अरविंद शर्मा, आचार्य कुलदीप शर्मा, आचार्य संदीप शर्मा एवं आचार्य बालकृष्ण शर्मा ने विधिविधान के साथ गणेश गौरी की पूजा सम्पन्न कराई।
पहले दिन श्रीमद भागवत का बखान करते हुए कथाव्यास आचार्य पं. रोहित वशिष्ठ ने कहा कि भगवता प्रोक्तम भागवतम जो भगवान द्वारा कही गई, वह भागवत। सर्वप्रथम यह था ब्रह्मा जी ने भगवान नारायण से मुख से सुनी थी। उन्होंने कहा कि भागवत कथा कालरूपी सर्प के भय से जीव की रक्षा करती है। इसलिए प्रत्येक सनातन धर्मी को यह कथा अवश्य सुननी चाहिए। सनातन धर्मियों विशेषकर वैष्णव भक्तों का यही धन है। इस धन को संग्रह करने वाला कभी परलोक में दरिद्र नहीं होता।
उन्होंने कहा कि यह रस केवल इस मृत्यु लोक में ही सुलभ है। देवताओं को भी इस कथा का रसपान करने के लिए स्वर्ग का सुख त्यागकर मृत्यु लोक में आना पड़ता है। इसलिए भागवतरूपी रस का पान निरंतर करते रहना चाहिए। इस दौरान राकेश शर्मा, चंद्रपाल यादव, रजनीकांत अग्रवाल, सुनील वालिया, रोहित शर्मा, प्रवीण तायल, विनोद कश्यप, उषा चौहान, सविता देवी, शकुंतला शर्मा, मुनेश यादव, नीलम शर्मा, कलावती, सविता, योगेश चौधरी, पूनम सिंह समेत भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे | वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे |