सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर एंट्री, पहली पोस्ट में दिखाई आत्मकथा की झलक, प्रियंका गांधी से बोलीं- इसमें कई तस्वीरें हैं

सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर एंट्री, पहली पोस्ट में दिखाई आत्मकथा की झलक, प्रियंका गांधी से बोलीं- इसमें कई तस्वीरें हैं

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया की दुनिया में कदम रख दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट शेयर करते हुए बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) की पहली झलक दिखाई है। इस खास मौके पर उनके साथ बेटी प्रियंका गांधी भी नजर आईं। सोनिया गांधी की यह किताब 10 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।

पहली इंस्टाग्राम रील में दिखीं परिवार की यादगार तस्वीरें

सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहली रील शेयर की है, जिसमें वह अपनी आत्मकथा के पन्ने पलटती नजर आ रही हैं। इस दौरान वह प्रियंका गांधी को किताब में मौजूद पारिवारिक तस्वीरें दिखाते हुए कहती हैं, ‘कई तस्वीरें हैं प्रियंका।’

रील में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की पुरानी तस्वीरों की झलक भी दिखाई देती है। इसके अलावा सोनिया गांधी मिठाइयां खिलाती हुई भी नजर आ रही हैं।

सोनिया गांधी ने पहली पोस्ट में क्या लिखा?

अपनी पहली इंस्टाग्राम पोस्ट में सोनिया गांधी ने लिखा, ”नमस्ते सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पेश है ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का फर्स्ट लुक। यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है। मुझे इसे आप सभी के साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार है।”

सोनिया गांधी ने अपनी पोस्ट में बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी और किताब के प्रकाशक हार्परकॉलिन्स इंडिया को भी टैग किया है। इंस्टाग्राम पर वह कांग्रेस, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को फॉलो कर रही हैं।

किताब के प्रकाशन को लेकर हो चुका है विवाद

सोनिया गांधी की आत्मकथा रिलीज होने से पहले ही विवादों में रह चुकी है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, पहले इस किताब को पेंगुइन इंडिया प्रकाशित करने वाला था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े कुछ अंशों को हटाने को लेकर मतभेद पैदा हो गए थे।

बताया गया कि प्रकाशक ने इन अंशों को हटाने का सुझाव दिया था, जिसे सोनिया गांधी ने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद किताब के प्रकाशन की जिम्मेदारी हार्परकॉलिन्स इंडिया ने संभाली।

10 नवंबर को रिलीज होगी सोनिया गांधी की आत्मकथा

सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर 2026 को पाठकों के सामने आएगी। इस किताब में उनके निजी जीवन से लेकर राजनीतिक सफर तक के कई महत्वपूर्ण पहलुओं का जिक्र किया गया है।

किताब में इटली में बीते उनके बचपन, राजीव गांधी से पहली मुलाकात, दोनों की प्रेम कहानी, शादी और गांधी परिवार का हिस्सा बनने से लेकर भारतीय राजनीति में उनके प्रवेश तक की कहानी शामिल है।

करीब 79 वर्षीय सोनिया गांधी अब तक फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से दूर रही थीं। ऐसे में इंस्टाग्राम पर उनकी एंट्री को उनके सार्वजनिक संवाद के एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply