….तो रालोद आगामी ७ फरवरी से करेगी बड़े आंदोलन की शुरूआत: मलिक

….तो रालोद आगामी ७ फरवरी से करेगी बड़े आंदोलन की शुरूआत: मलिक
  • सहारनपुर में रालोद के सहारनपुर मंडल प्रभारी का स्वागत करते पदाधिकारी।

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के किसान संदेश अभियान के सहारनपुर मंडल प्रभारी व पूर्व जिला पंचायत चेयरमैन तरसपाल मलिक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति उदासीन है। आधे से अधिक पेराई सत्र बीतने के बावजूद अब तक प्रदेश सरकार ने गन्ने के समर्थन मूल्य की घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा कि यदि 5 फरवरी तक गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित नहीं किया गया तो आगामी 7 फरवरी से एक बड़े आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा।

पूर्व जिला पंचायत चेयरमैन तरसपाल मलिक आज यहां लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष चुनाव होने के कारण प्रदेश सरकार ने 20 सितम्बर को गन्ना मूल्य घोषित कर दिया था। विगत एक माह से रालोद पदाधिकारी पिछले एक माह से पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देशानुसार गांव-गांव जाकर किसानों से पत्र लिखवाकर मुख्यमंत्री योगी को प्रेषित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान पूरे दिन अपने खेत में मेहनत करता है और रात को उसकी फसल आवारा पशु चर जाते हैं। उन्होंने आवारा पशुओं का तुरंत समाधान किए जाने की मांग की।

श्री मलिक ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार शीघ्र गन्ना मूल्य घोषित नहीं करती तो 31 जनवरी को केंद्रीय नेतृत्व के अनुसार जिला मुख्यालय पर किसानों से पत्र लिखवाकर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजे जाएंगे। यदि इसके बाद भी पांच फरवरी तक गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित नहीं किया गया तो 7 फरवरी से एक बड़े आंदोलन का आगाज किया जाएगा। वार्ता के बाद पूर्व जिला पंचायत चेयरमैन तरसपाल मलिक के नेतृत्व में रामपुर मनिहारान विधानसभा के गांव घोघरेकी में सैंकड़ों किसानों ने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किए।

इस दौरान रालोद के प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह, जिलाध्यक्ष राव कैसर, सुनील चौधरी, फरमान, हाजी नदीम, हरपाल वाल्मीकि, राव शौकीन, मुजक्किर राणा, गुलाम अली, सतपाल कालड़ा, मोहित शर्मा, फखरूल इस्लाम, श्रवण काम्बोज, रिहान प्रधान, शहजाद अली, प्रधान शाबिर, आसिफ, अली रहमान, मसूद अहसन, शारिक, आरिफ आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे