संत रविदास मंदिर में की पूजा-अर्चना
सहारनपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सहारनपुर स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा देश के कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने संत रविदास जी के समरसता और समानता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मंदिर में मौजूद दलित समाज के लोगों ने नितिन नवीन को संत रविदास की मूर्ति और पुस्तक भेंट की। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर समरसता की भावना से आगे बढ़ना ही विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा है।
पूजा-अर्चना के बाद नितिन नवीन ने रविदास मंदिर समिति के अध्यक्ष अजब सिंह के ओजपुरा स्थित आवास पर पहुंचकर दोपहर का भोजन किया। पार्टी की ओर से इस मुलाकात को सामाजिक समरसता और अंत्योदय के संदेश से जोड़कर देखा गया।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री भोला सिंह तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
