एल्पाइन पब्लिक स्कूल में अवॉर्ड एवं इन्वेस्टीचर सेरेमनी का भव्य आयोजन
सहारनपुर। एल्पाइन पब्लिक स्कूल में मंगलवार को अवॉर्ड सेरेमनी एवं इन्वेस्टीचर सेरेमनी का भव्य एवं गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025दृ26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के विद्यार्थियों का सम्मान रहा। चिलकाना रोड स्थित स्कूल में आयोजित समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने नर्सरी के विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया।
इसके पश्चात विद्यालय के डायरेक्टर श्री असद, चीफ कोऑर्डिनेटर श्री सरवत जमाल, प्रधानाचार्य श्री शकील अहमद एवं मैनेजर असमा परवीन ने मुख्य अतिथि एवं अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने समारोह के वातावरण को उल्लास एवं गरिमा से भर दिया। समारोह का प्रमुख आकर्षण शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के विद्यार्थियों का सम्मान रहा। विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनकी मेहनत और उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। अवॉर्ड सेरेमनी के साथ आयोजित इन्वेस्टीचर सेरेमनी समारोह का दूसरा प्रमुख आकर्षण रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विद्यालय की विभिन्न जिम्मेदारियाँ सौंपते हुए उन्हें नेतृत्व का अवसर प्रदान किया गया। जईन फातिमा को हेड गर्ल तथा यशवर्धन को हेड बॉय नियुक्त किया गया।
मुख्य अतिथि एसएचओ एच. एन. सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं सुव्यवस्थित दिनचर्या के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रातः समय पर उठने, नियमित दिनचर्या अपनाने, समय का सदुपयोग करने तथा अपने लक्ष्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक एवं जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की सलाह दी। सब-इंस्पेक्टर रश्मि सिंह ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से महिला सुरक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने तथा किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में तुरंत उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य शकील अहमद ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं नेतृत्व क्षमता की सराहना की।
