दशहरे के मंच से तीखे सियासी तीर: पीएम मोदी बोले- राष्ट्र के दुश्मन, अखिलेश ने कहा- ‘BJP को खत्म…’
देशभर में मंगलवार को विजयदशमी का त्योहार मनाया गया. पीएम मोदी से लेकर सीएम योगी ने जहां देश को राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए एकजुट होने की बात कही वहीं अखिलेश यादव ने रिजीम चेंज करने की बात कही है.
पीएम मोदी ने विजयदशमी पर देशवासियों के नाम संदेश दिया. उन्होंने कहा, जो ताकतें देश को नुकसान पहुंचाती हैं, जो लोग समाज को बांटते हैं और जो मानसिकता हमारी संस्कृति से नफरत करती है, वे सभी राष्ट्र के दुश्मन हैं. पीएम की यह टिप्पणी विपक्ष और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के विरोध प्रदर्शनों के बीच आई है, जो मतदाता सूची के एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
सीएम योगी ने एकजुट होने का आह्वान किया
गोरखपुर में दशहरा पर कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम योगी ने कहा-जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाले लोग देश को कमजोर कर रहे हैं. राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया.
सीएम धामी ने विपक्ष पर साधा निशाना
दशहरा कार्यक्रम में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर हमला बोला है. उन्होंने अंकिता भंडारी मामले को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर देवभूमि की बेटी के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार ने बिना देरी एसआईटी का गठन कर आरोपियों को सजा दिलाई.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने रिजीम चेंज पर कहा, केवल रिजीम चेंज करने से परिस्थितियां नहीं बदलतीं. पहले भी ऐसा होने से हालात नहीं बदले और आगे भी नहीं बदलेंगे. उन्होंने भारत को तोड़ने की कोशिश कर रही आसुरी शक्तियों पर निशाना साधा. वे नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विजयादशमी उत्सव में बोल रहे थे.
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इंडिया गठबंधन को 10 सिर वाला रावण बताया. उन्होंने दशहरा रैली में उद्धव पर निशाना साधा और कहा- महायुति को जनादेश मिला था लेकिन उद्धव महाअधाड़ी के साथ चले गए.
विपक्ष ने साधा निशाना
सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा, पूरा देश जानता है कि डिवीजन की पॉलिटिक्स कौन करता है, पूरा देश जानता है कि भारतीय जनता पार्टी के लोग दरारवादी हैं. यूपी ही देश को बचाएगा और समाजवादियों को ही देश को बचाना है. जो असली राजनीतिक महाभारत होने न रहा है उसमें बीजेपी को खत्म करना है. जो समाजवादी है वही रामराज है। जो यह मानते हैं वही सनातनी हैं. धरती पर अच्छाई को लाने वाले सनातनी हैं जो बुराई करें वो नकली सनातनी है.
शिवसेना यूबीटी ने केंद्र पर साधा निशाना
मुंबई की दशहरा रैली में शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र पर निशाना साधा. उन्होंने सत्ता परिवर्तन की कही बात, बीजेपी को हटाने के बाद अच्छे दिन आने का वादा किया. बीजेपी पर समाज को बांटने का आरोप लगाया. वहीं संजय राउत ने कहा, रिजीम चेंज करना जरूरी. अप्रैल में केंद्र सरकार चली जाएगी. ज्ञानेश कुमार की भी विदाई होगी. मुंबई में कानून व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला.
दिल्ली में दशहरा कार्यक्रम में शामिल हुईं प्रियंका गांधी ने कहा, महंगाई, बेरोजगारी और सच-झूठ के खिलाफ हमारी लड़ाई है. कांग्रेस सच के लिए हमेशा लड़ती रहेगी.
