पुलिस स्मृति दिवस पर PM मोदी ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, अमित शाह ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (21 अक्टूबर) को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश के पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पहुंचकर शहीद जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई।
पुलिसकर्मियों का योगदान अमूल्य: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमारे पुलिसकर्मियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करने का अवसर है। पुलिस के जवान अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों से लड़ने, आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की सहायता करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिसकर्मियों का योगदान अमूल्य है।
उन्होंने कर्तव्य के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद करते हुए कहा कि इन बहादुर जवानों का साहस, अटूट समर्पण और बलिदान देश की स्मृतियों में सदैव अंकित रहेगा।
अमित शाह ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर अर्पित की श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित नेशनल पुलिस मेमोरियल में आयोजित ‘राष्ट्रीय पुलिस स्मरण दिवस परेड’ में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने कर्तव्य पालन करते हुए जान गंवाने वाले पुलिस और सुरक्षाबलों के जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया गया और देश की आंतरिक सुरक्षा में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
नशे के खिलाफ मोटरसाइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से एक विशेष मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नशे के खिलाफ लड़ाई की थीम पर आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान में नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 90 पुलिस राइडर्स हिस्सा ले रहे हैं। इनके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवान भी रैली में शामिल हैं।
इस अभियान का उद्देश्य देशभर में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश देना है।
31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी रैली
राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से रवाना हुई यह मोटरसाइकिल रैली विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी। यहां सभी पुलिस राइडर्स राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘एकता परेड’ में हिस्सा लेंगे।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।
क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
देश में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिसकर्मियों की याद में मनाया जाता है।
इस अवसर पर देशभर में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के उन जवानों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिन्होंने देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
