दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, पात्रों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश
सहारनपुर। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में सांसद इमरान मसूद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभ मिले और विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। विकास भवन सभागार में सांसद इमरान मसूद की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में कैराना सांसद इकरा हसन, एमएलसी शाहनवाज खान, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, सहारनपुर देहात विधायक आशू मलिक, बेहट विधायक उमर अली खान और मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। मनरेगा, दीनदयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, स्वच्छ भारत मिशन, पेयजल, स्मार्ट सिटी मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा शिक्षा विभाग की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा हुई। सांसद ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा स्वीकृत कार्यों एवं परियोजनाओं की सूची समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगर निकायों के कार्यों में तेजी लाने के साथ लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में एनएचआई अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। सांसद ने जिले में कैंसर डिटेक्शन सेंटर स्थापित कराने के लिए उच्च स्तर पर पत्र भेजने के निर्देश भी दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जलभराव, विद्युत व्यवस्था, सड़क, नालों की सफाई, स्वच्छता और पेयजल सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। सांसद इकरा हसन ने संभावित जनहानि वाले विद्युत मामलों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान ने अधिकारियों को दिशा बैठक के निर्देशों का अक्षरशः पालन कराने तथा पिछली बैठकों के लंबित प्रकरणों का संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला विकास अधिकारी धीरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
