यूपी में धर्मांतरण रोकने के लिए सभी मेडिकल कॉलेजों में बनेगी विशेष सेल, राज्यपाल ने दिए आदेश

यूपी में धर्मांतरण रोकने के लिए सभी मेडिकल कॉलेजों में बनेगी विशेष सेल, राज्यपाल ने दिए आदेश

उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों में धर्मांतरण का खेल सामने आने के बाद सरकार ने बड़ा कदम उठाया है, जिसके तहत प्रदेश के सभी चिकित्सा संस्थानों में धर्मांतरण रोकने के लिए विशेष सेल गठित करने के निर्देश दिए गए हैं. यूपी की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के सभी मेडिकल कॉलेजों में धर्मांतरण की रोकथाम को लेकर ये फैसला लिया है.

लखनऊ में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) और संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS) में हाल में आए कथित धर्मांतरण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने ये महत्वपूर्ण कदम उठाया है.

धर्मांतरण रोकने के लिए बनेगा विशेष सेल

राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर एम. बोबड़े के पत्र के आधार पर अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अमित देवगन ने सभी संबद्ध मेडिकल और डेंटल कॉलेजों को तुरंत ‘धर्मांतरण रोकथाम सेल’ गठित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेजों से सेल गठन की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा है.

सभी मेडिकल-डेंटल कॉलेजों को दिया निर्देश

इस आदेश के बाद अब सभी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में धर्मांतरण को रोकने के लिए विशेष सेल गठित किया जाएगा. जो छात्रों, रेजिडेंट डॉक्टरों और कर्मचारियों के बीच जागरूकता अभियान चलाएगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क नजर रखेगा.

इस सेल का उद्देश्य शैक्षणिक परिसर में सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना, प्राप्त शिकायतों पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करना, नियमों, अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी देना होगा. राज्यपाल के निर्देश के बाद प्रदेश भर के चिकित्सा संस्थानों में निगरानी व्यवस्था को और सख्त करने की तैयारी तेज हो गई हैं.

बता दें कि बीते दिनों लखनऊ के केजीएमयू में भी युवती को लव जिहाद में फंसाने और धर्मांतरण का मामला सामने आया था. इस मामले में पैथोलॉजी विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर रमीज को गिरफ्तार किया था. आरोपी ने पहले शादी का झांसा देकर हिन्दू युवती को फंसाया और फिर धर्मांतरण का दबाव बनाया.

Leave a Reply