सीबीएसई 12वीं रिजल्ट पर छात्राओं का दबदबा, स्कूलों में जश्न का माहौल
- सहारनपुर में सीबीएसई 12वीं में सफल होने पर जश्न मनाते छात्र-छात्राएं।
सहारनपुर। सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम ने इस बार बेटियों की प्रतिभा को सबसे आगे ला खड़ा किया। जिले की मेरिट सूची में शीर्ष तीनों स्थान छात्राओं ने हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और लगन के आगे कोई बाधा टिक नहीं सकती।
देवबंद क्षेत्र स्थित दून वैली स्कूल की छात्रा नंदिनी कुशवाहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने ह्यूमैनिटीज वर्ग में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर ओवरऑल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। नंदिनी की सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दूसरे स्थान पर सरस्वती विहार स्कूल की छात्रा सिमर रहीं, जिन्होंने कॉमर्स वर्ग में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं तीसरे स्थान पर पाइनवुड स्कूल की छात्रा हर्षिता ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक और शिक्षक भी इंटरनेट पर रिजल्ट देखने में जुट गए। अच्छे अंक आने की खबर मिलते ही कई स्कूलों में मिठाई बांटी गई और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। टॉपर्स को स्कूल बुलाकर शिक्षकों ने बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिला समन्वयक डॉ. दिव्य जैन के अनुसार सहारनपुर में सीबीएसई से संबद्ध 119 स्कूल हैं। इन स्कूलों के 8143 विद्यार्थियों ने इस वर्ष 12वीं की परीक्षा दी थी। जिले का कुल परिणाम संतोषजनक रहा और अधिकांश विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।
ह्यूमैनिटीज वर्ग में नंदिनी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कॉमर्स वर्ग में सिमर अव्वल रहीं। साइंस मैथ्स वर्ग में आशा मॉडर्न पब्लिक स्कूल के संयम गुप्ता ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं साइंस बायोलॉजी वर्ग में सरस्वती विहार स्कूल की नैना आर्य ने 96 प्रतिशत अंक लाकर बाजी मारी।
