‘क्रिमिनल लॉ एक्सपर्ट’ से फरार आरोपित तक… ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह की अनसुनी कहानी
भोपाल। भोपाल का चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामला इस समय देशभर में सुर्खियां बटोर रहा है। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई ट्विशा की संदिग्ध मौत के बाद रिटायर्ट जज सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में आरोपित सास को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है, जबकि समर्थ सिंह की तलाश में पुलिस जुटी है। समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका भी अदालत खारिज कर चुकी है।
इस बीच समर्थ सिंह की पेशेवर पृष्ठभूमि और सार्वजनिक प्रोफाइल भी चर्चा का विषय बन गई है। कानूनी क्षेत्र से जुड़े होने के कारण यह मामला और अधिक संवेदनशील माना जा रहा है।
वकालत की दुनिया में सक्रिय
ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने लिंक्डइन परखुद को एक वकील, कानूनी सलाहकार और भारत के सबसे प्रतिष्ठित लॉ कॉलेजों में से एक बेंगलुरु नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट बताया है। उन्होंने अपने बारे में यह जानकारी दी है कि वे आपराधिक मामलों, सेवा कानून और उपभोक्ता संरक्षण जैसे क्षेत्रों में कार्य कर चुके हैं। प्रोफाइल के अनुसार वे भोपाल, जबलपुर और इंदौर की अदालतों में वकालत से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने अपनी प्रोफाइल में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रमों में भागीदारी का भी उल्लेख किया है। प्रोफाइल में यह दावा भी किया गया है कि वे मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व कानूनी सलाहकार के रूप में कार्य कर चुके हैं।
पांच महीने पहले हुई थी शादी
गौरतलब है कि नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की मुलाकात वर्ष 2024 में एक डेटिंग एप के माध्यम से हुई थी। शादी के बाद ट्विशा भोपाल में ही रहने लगी थीं।
एक हफ्ते पहले 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा मृत अवस्था में मिली थीं। इसके बाद परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर मानसिक उत्पीड़न और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए।
जांच पर टिकी निगाहें
मामले में समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने समर्थ सिंह के बारे में सूचना देने वाले के लिए 10000 रुपये इनाम की घोषणा भी की है। वहीं, पीड़िता के परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच, दूसरे पोस्टमार्टम और जांच को राज्य से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है।
