बिहार में पहली बार BJP का मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी ने ली शपथ; JDU से दो डिप्टी सीएम
बीजेपी के सियासी सफर में आज एक सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। आज बिहार में पहली बार बीजेपी के मुख्यमंत्री की शपथ हुई। सुबह 11 बजे पटना के लोकभवन में सम्राट चौधरी ने बिहार के नए सीएम की शपथ ली। उनके साथ जेडीयू विधायक विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव दोनों ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। NDA विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
BJP का 46 साल का संघर्ष, पहली बार सीएम
इससे पहले नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा सौंपा। महज 9 साल पहले बीजेपी में शामिल हुए सम्राट चौधरी बेहद मुखर और आक्रामक नेता माने जाने जाते हैं। 26 साल पहले विधायक चुने गए, 2024 में डिप्टी सीएम बने और 2025 में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद फिर डिप्टी सीएम की शपथ ली। अब उनके पास सीएम के तौर पर पूरे बिहार का शासन चलाने के साथ पार्टी और NDA गठबंधन को साथ रखने की भी चुनौती होगी। वहीं, बिहार की राजनीति में पहले जनसंघ और फिर बीजेपी हमेशा सक्रिय रही। बीजेपी पहले भी दो बार बड़ी पार्टी बनी लेकिन सीएम हमेशा नीतीश कुमार ही बने। ये पहला मौका है जब बीजेपी के पास सीटें भी ज्यादा हैं और सम्राट चौधरी के तौर पर उन्हें सीएम भी अपना मिला है।
-
11:14 AM (IST)Apr 15, 2026
डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव का सफरनामा
सुपौल से 1990 से लगातार विधायक, ‘कोसी का विश्वकर्मा’ के नाम से मशहूर
1991 में लालू सरकार में पहली बार बने मंत्री, 2005 में नीतीश के CM बनने के समय JDU के प्रदेश अध्यक्ष
नीतीश कैबिनेट में कई बार बिजली मंत्री रहे
वित्त, वाणिज्य कर जैसे विभाग भी संभाला, 2025 में लगातार नौवीं बार जीत दर्ज की
2025 में कांग्रेस के मिन्नतुल्लाह रहमानी को हराया -
11:12 AM (IST)Apr 15, 2026
डिप्टी सीएम विजय चौधरी का सफरनामा
- JDU के सबसे सीनियर नेताओं में एक, नीतीश के करीबी और थिंक टैंक में शामिल
- 1982 से लगातार बिहार विधानसभा के सदस्य, दलसिंहसराय सीट से पहली बार चुनाव जीते
- सरायरंजन सीट से पहली बार 2010 में जीत दर्ज की, 2025 में सरायरंजन सीट से चुनाव जीते
- वित्त, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास जैसे विभाग संभाले
- 2015 से 2020 तक विधानसभा के स्पीकर
- साफ-सुथरी इमेज और कुशल प्रशासक की छवि
-
11:08 AM (IST)Apr 15, 2026
बिहार के नए ‘सम्राट’ का सफरनामा
- RJD के साथ सियासी करियर की शुरुआत
- 1999 में राबड़ी सरकार में मंत्री बने
- 2000 में पहली बार परबत्ता से बने विधायक
- 2013 में RJD से बगावत, JDU में एंट्री
- 2 जून 2014 में मांझी सरकार में मंत्री बने
- मांझी को हटाने पर बगावत, JDU से सस्पेंड
- 2017 में BJP में शामिल 2023 में बिहार BJP अध्यक्ष
- 2021 में नीतीश कैबिनेट में बने मंत्री
- 2024 में नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम का जिम्मा
- तारापुर से जीता 2025 विधानसभा का चुनाव
- 2025 में दूसरी बार डिप्टी सीएम बने
- 15 अप्रैल 2026 को सीएम पद की शपथ
-
11:04 AM (IST)Apr 15, 2026
विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी बने CM
JDU के कोटो से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री कुशवाहा समाज से हैं तो वहीं डिप्टी सीएम विजय चौधरी भूमिहार समाज से और बिजेंद्र यादव OBC समाज से आते हैं। नई सरकार में भी जाति गणित के समीकरण पर पूरा ध्यान दिया गया है।
-
11:03 AM (IST)Apr 15, 2026
बिहार के नए मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी
पहली बार बीजेपी के मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर इतिहास रचा है। इस सत्ता परिवर्तन में गठबंधन का संतुलन बनाए रखने के लिए JDU कोटे से दो डिप्टी सीएम भी बने हैं।
-
10:53 AM (IST)Apr 15, 2026
लोकभवन में जुटे दिग्गज
पटना के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में दिग्गज जुट चुके हैं। इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लेने के लिए रविशंकर प्रसाद, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और नित्यानंद राय जैसे कद्दावर नेता पहुंच चुके हैं। अवधेश नारायण सिंह, विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी मौजूद हैं। अब बस कुछ ही पलों में सम्राट चौधरी बिहार की कमान संभालेंगे जिसके बाद बिहार में सत्ता का नया अध्याय शुरू होगा।
-
10:38 AM (IST)Apr 15, 2026
चिराग पासवान ने किया ट्वीट
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने ट्वीट कर कहा, “आज, मैं अपने भाई सम्राट चौधरी से बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने से पहले पटना में मिला और उन्हें NDA विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी, शुभकामनाएं दीं। मुझे पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और खुशहाली की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।”
-
10:22 AM (IST)Apr 15, 2026
नितिन नवीन के घर पहुंचे जेपी नड्डा
बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बीजेपी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर पहुंच गए हैं। यहां शपथ ग्रहण से पहले पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों के बीच अंतिम दौर की चर्चा हो रही है। इस बैठक के समापन के तुरंत बाद सभी नेता लोकभवन के लिए प्रस्थान करेंगे। थोड़ी ही देर में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में सम्राट चौधरी सीएम पद की शपथ लेंगे।
-
10:17 AM (IST)Apr 15, 2026
10 बजकर 50 मिनट पर बिहार के CM पद की शपथ लेंगे सम्राट चौधरी
अब से करीब एक घंटे बाद पटना के लोकभवन में शपथ समारोह होगा। सम्राट चौधरी के साथ उनके दो डिप्टी भी शपथ लेंगे। नई सरकार में भी दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला होगा। JDU के कोटो से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री कुशवाहा समाज से हैं तो वहीं डिप्टी सीएम विजय चौधरी भूमिहार समाज से और बिजेंद्र यादव OBC समाज से आते हैं। मतलब नई सरकार में भी जाति गणित के समीकरण पर पूरा ध्यान दिया गया है।
-
9:46 AM (IST)Apr 15, 2026
शपथ से पहले विजय चौधरी ने क्या कहा?
JDU नेता विजय कुमार चौधरी आज बिहार के डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेंगे। उन्होंने कहा, “इस ज़िम्मेदारी के लिए मैं अपने नेता का आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि आज हमें जो भी पद मिलने जा रहा है, वह सिर्फ नीतीश कुमार के भरोसे की वजह से ही है। हम उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बिहार की जनता की सेवा करते रहेंगे। हमने बिहार की जनता के हित में अच्छा काम किया है और भविष्य में भी यही प्रयास जारी रहेंगे।
-
9:05 AM (IST)Apr 15, 2026
अंधकार में तीर मार रहे हैं तेजस्वी- रामकृपाल यादव
बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने नीतीश कुमार के इस्तीफे पर कहा, “प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के बड़े नेता नीतीश कुमार ने कल पद त्यागा है। पूरा बिहार मर्माहत है। उन्होंने 2005 के बाद बिहार को रोशनी में लाने का प्रयास किया, बिहार के लोग उन्हें भूलेंगे नहीं। उन्होंने बिना भेदभाव के सबके लिए काम किया। वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, “नेता प्रतिपक्ष बहुत परेशान होंगे, होना भी स्वाभाविक है क्योंकि आगामी दिनों में उनका कोई भविष्य उन्हें नहीं दिख रहा है। आज सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। वे (तेजस्वी यादव) मौका तलाश रहे हैं, अंधकार में तीर मार रहे हैं लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिलेगी इसलिए वे परेशान हैं।”
-
8:54 AM (IST)Apr 15, 2026
बिहार BJP के प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?
सम्राट चौधरी के शपथ लेने के मौके पर बिहार BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल के बाद, आज सम्राट चौधरी नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। विजय चौधरी तथा बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। विकास की जिस राह को नीतीश कुमार ने शुरू किया था, उसे सम्राट चौधरी के नेतृत्व में और आगे बढ़ाया जाएगा।
-
8:49 AM (IST)Apr 15, 2026
नीतीश के काम को आगे बढ़ाएंगे सम्राट- शाहनवाज
बीजेपी नेता शाहनवाज ने सम्राट चौधरी को बेहतरीन नेता बताया। शाहनवाज ने कहा कि सम्राट नीतीश के काम को आगे बढ़ाएंगे। वहीं, बीजेपी नेता राजीव प्रताप रूडी ने नीतीश के सत्ता सौंपने को बड़ा कदम बताया और कहा कि नीतीश की परंपरा पूरा देश याद रखेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी JDU के साथ मिलकर ड्राइविंग सीट पर है।
-
8:01 AM (IST)Apr 15, 2026
शपथ से पहले पंचरूपी हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे सम्राट चौधरी
आज सुबह 11 बजे लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। उससे पहले 10 बजे NDA विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे।
