उद्यमियों ने एसडीसीए का चेयरमैन नियुक्त होने पर परविंदर सिंह का किया सम्मान

उद्यमियों ने एसडीसीए का चेयरमैन नियुक्त होने पर परविंदर सिंह का किया सम्मान
सहारनपुर में एसडीसीए का चेयरमैन नियुक्त होने पर परविंदर सिंह का सम्मान करते आईआईए के पदाधिकारी।

सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष परविंदर सिंह को सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) का चेयरमैन नियुक्त किए जाने के पर आईआईए से जुड़े उद्यमियों द्वारा उनके प्रतिष्ठान पर पहुंचकर भव्य सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कार्यवाहक चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सड़ाना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. धवन, सीईसी सदस्य कृष्ण राजीव सिंघल, चैप्टर सचिव कुशल शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मोहन कालड़ा, उद्योग बंधु कन्वीनर सुनील सैनी आदि पदाधिकारियों ने परविंदर सिंह को पुष्प गुच्छ भेंटकर, आईआईए का अंगवस़् पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया।  इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कार्यवाहक चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सड़ाना ने कहा कि परविंदर सिंह की यह महत्वपूर्ण नियुक्ति उनके कुशल नेतृत्व, उत्कृष्ट संगठन क्षमता, अनुशासित कार्यशैली, सामाजिक सरोकारों तथा खेल जगत के प्रति उनके निरंतर समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि परविंदर सिंह ने उद्योग जगत के साथ-साथ सामाजिक एवं खेल गतिविधियों में भी सदैव सक्रिय भूमिका निभाई है, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परविंदर सिंह के नेतृत्व में सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन नई उपलब्धियों को प्राप्त करेगा तथा जिले के उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएँ एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।

सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के नवनियुक्त चेयरमैन परविंदर सिंह ने कहा कि आईआईए परिवार द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके लिए अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायी क्षण है। उन्होंने कहा कि वे इस नई जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य सहारनपुर में क्रिकेट के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना तथा जिले के खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने हेतु सकारात्मक एवं परिणामोन्मुखी कार्य करना रहेगा।