विद्युत संविदा कर्मियों ने मांगों को लेकर किया शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन
सहारनपुर। विद्युत संविदा कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश के बैनर तले सोमवार को विद्युत संविदा कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर घंटाघर स्थित विद्युत मुख्यालय पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। धरने में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में संविदा कर्मियों ने प्रतिभाग करते हुए अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनका शीघ्र समाधान कराए जाने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए विद्युत संविदा कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष गुलशन चैधरी ने कहा कि विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी लंबे समय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें कई मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। प्रदेश महामंत्री रामभूल सैनी ने कहा कि संविदा कर्मचारी विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाते हैं। ऐसे में उनकी जायज मांगों और समस्याओं पर विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को गंभीरता से ध्यान देते हुए शीघ्र समाधान कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल आवश्यक है।
धरना प्रदर्शन के दौरान संविदा कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाना और उनके समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराना है। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री रामभूल सैनी, जिलाध्यक्ष गुलशन चैधरी, नितिन सैनी, हसन राणा, सोनू राणा, मांगा, प्रमोद कुमार, विपिन, संजय, प्रदीप सहित बड़ी संख्या में विद्युत संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
