महरौली में तोड़फोड़ के दौरान 300 गज की इमारत गिरी, कई लोगों के दबने की आशंका; दमकल और पुलिस टीम बचाव में जुटी

महरौली में तोड़फोड़ के दौरान 300 गज की इमारत गिरी, कई लोगों के दबने की आशंका; दमकल और पुलिस टीम बचाव में जुटी

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में गुरुवार सुबह एक दो मंजिला इमारत के तोड़फोड़ कार्य के दौरान उसका एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस और दमकल अधिकारियों के अनुसार, महरौली के वार्ड नंबर 3 में करीब 300 वर्ग गज में फैली इमारत को तोड़ा जा रहा था। सुबह करीब 9:30 बजे इमारत का एक हिस्सा ढहने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

ढहने की घटना से आसपास अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। तोड़फोड़ से जुड़े ठेकेदार को मौके पर बुलाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय इमारत के अंदर कोई मजदूर या अन्य व्यक्ति तो नहीं था। दमकल अधिकारियों ने बताया कि मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका को खारिज करने के लिए बचाव और निरीक्षण कार्य चल रहा है।

पुलिस ने कहा कि अभी तक किसी के घायल होने या किसी हताहत की कोई सूचना नहीं है। आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply