डा. अशोक मलिक ने गबन के आरोप को बताया बेबुनियाद

डा. अशोक मलिक ने गबन के आरोप को बताया बेबुनियाद
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते उ.प्र. मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं भगवती देवी मेमोरियल व बीडीएम पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. अशोक मलिक ने शिक्षा विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों से आरटीई के तहत लाभान्वित 108 बच्चों की फीस प्रतिपूर्ति का भुगतान नहीं किया गया, ऐसे में गबन का आरोप कैसे लगाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि सभी बच्चों का विवरण यू-डाइस पोर्टल पर अपर आईडी सहित दर्ज है और बच्चों का आवंटन भी विभाग द्वारा किया जाता है।

दिल्ली रोड स्थित एक कार्यक्रम में डॉ. मलिक ने कहा कि विभाग ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई कई जनसूचनाओं का अब तक जवाब नहीं दिया है। उनका कहना है कि यदि विभाग जवाब दे दे तो पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मान्यता, फीस प्रतिपूर्ति और जांच प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं तथा उनके विद्यालयों के विरुद्ध पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की गई। डॉ. मलिक ने यह भी कहा कि विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारियों की रिपोर्टों में बच्चों की उपस्थिति और सत्यापन को लेकर विरोधाभास है, जबकि शिकायतकर्ताओं की ओर से अब तक कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को भ्रष्टाचार और रिश्वत के विरोध का परिणाम बताया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, किसान एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply