अखिलेश यादव की हां के बीच अभी भी अलायंस पर संशय? UP कांग्रेस के नए प्रभारी के बयान से मिले संकेत

अखिलेश यादव की हां के बीच अभी भी अलायंस पर संशय? UP कांग्रेस के नए प्रभारी के बयान से मिले संकेत
उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने बड़ा संगठन फेरबदल किया है. पार्टी की ओर से राजेंद्र पाल गौतम को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. फिलहाल इस पद पर अब तक अविनाश पांडे कार्यरत थे. नए प्रभारी बनने के बाद राजेंद्र पाल गौतम बेहद एक्टिव नजर आ रहे हैं. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के यूपी में गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दे दिया है.
यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा, “सपा के साथ गठबंधन को लेकर सारा फैसला आलाकमान करेगा. 1 महीने के अंदर हम लोग गांव-गांव तक संगठन खड़ा कर देगें. क्षेत्रीय पार्टी को एकजुट होकर इंडिया गठबंधन को मजबूत करना होगा. क्षेत्रिय पार्टियों को टुकडों-टुकडों में नहीं रहना होगा.
उन्होंने कहा, “पुरे यूपी का हम दौरा करेगें और संगठन को मजबूत करेगें. यूपी में कांग्रेस का सारा गुट खत्म होगा.” राजेंद्र पाल ने यूपी कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर भी स्थिति साफ कर दी है. उन्होंने गुटबाजी को खत्म करने का भी ऐलान किया है. कांग्रेस प्रभारी के इस बयान की राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जोरों पर हैं.

प्रभारी बनने के बाद क्या बोले राजेंद्र पाल गौतम?

कांग्रेस के नए उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने शुक्रवार (26 जून) को कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और राज्य से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ‘बहुजन विरोधी सरकार’ को हटाने के मकसद से काम करेंगे. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया.
दलित समुदाय से आने वाले गौतम को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने मिले राज्य का प्रभार सौंपा गया है. दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे गौतम सितंबर, 2024 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और इसके कुछ महीने बाद ही उन्हें पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष बनाया गया था.

अविनाश पांडे की जगह मिली जिम्मेदारी

गौतम को अविनाश पांडे की जगह पर उत्तर प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पांडे इससे पहले राजस्थान और झारखंड प्रभारी की भूमिका निभा चुके थे. अपनी नियुक्ति के बाद गौतम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मेरा मकसद यही है कि मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को फिर से मजबूत किया जाए और बीजेपी की बहुजन विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर किया जाए. मैं इसी मकसद से काम करूंगा’. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का बहुजन समाज राहुल गांधी को अपने नेता के रूप में देख रहा है. उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है.

Leave a Reply