दिल्ली-NCR Weather Today: मानसून ने दिलाई गर्मी से राहत, आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार; IMD का येलो अलर्ट
नई दिल्ली: जून की प्रचंड गर्मी के बाद दिल्ली-एनसीआर में मानसून के सक्रिय होने से मौसम पूरी तरह बदल गया है। राजधानी और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। हालांकि इस वर्ष दिल्ली में मानसून सामान्य तिथि की तुलना में करीब पांच दिन की देरी से पहुंचा।
शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में आसमान बादलों से ढका रहा और बारिश की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
आज कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 3 जुलाई के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश होने की भी संभावना है।
तापमान में आएगी और गिरावट
IMD के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री कम था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम 61 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
अगले तीन दिन भी बारिश के आसार
IMD का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। साथ ही, अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। इसके अलावा जलभराव वाले इलाकों में जाने से परहेज करें और यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक व मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है, इसलिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
