पुलिस लाईन परिसर में उमड़ा जनसमूह

पुलिस लाईन परिसर में उमड़ा जनसमूह
  • सहारनपुर में पुलिस लाईन में प्रदर्शन करते सवर्ण एवं ब्राह्मण समाज के लोग।

सहारनपुर। जनपद धार्मिक और आंदोलनकारी माहौल उस समय देखने को मिला, जब बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज, मंदिरों के पुजारी तथा स्वर्ण समाज के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन मंदिर पुजारी विजय शास्त्री के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान भीम आर्मी के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। सुबह से ही शहर और देहात क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों से पुजारी, धर्माचार्य और समाज के लोग  हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर एकत्रित हुए ओर वहां जुलूस के रूप में एसएसपी कार्यालय पहुंचने लगे। प्रदर्शन में शामिल कई लोग भगवा दुपट्टा और माथे पर तिलक लगाए नजर आए। हाथों में धार्मिक झंडे और तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से एसएसपी कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

प्रदर्शनकारियों ने एसएसपी अभिनदंन को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि पुजारी विजय शास्त्री के खिलाफ दर्ज एससी-एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के मुकदमों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उनका कहना था कि यदि जांच में आरोप असत्य पाए जाते हैं तो शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के कारण आसपास के क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा और कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित कराया। पुलिस के अनुसार मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित शिव मंदिर से जुड़ा है।

आरोप है कि शुक्रवार को मंदिर परिसर में मौजूद पुजारी विजय पंडित (65) पर गांव की 10 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। बच्ची की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।वहीं, आरोपी पक्ष और प्रदर्शन में शामिल लोगों का दावा है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है और पुजारी को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। प्रदर्शन में राहुल शर्मा, सुनील गुप्ता, अरुण राणा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, गोकर्णनाथ शर्मा, राहुल लखनपाल शर्मा, विजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज एवं अन्य वर्गों के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply