‘जुबान पर काबू रखें’, चुनाव से पहले अखिलेश की कार्यकर्ताओं को नसीहत
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी टीम को तैयार करना शुरू कर दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संयम बरतने और गैरजरूरी बयानबाजी से बचने की नसीहत दी.
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आम जनता में सरकार के ख़िलाफ असंतोष बढ़ रहा है. ऐसे में सपा नेता अपनी जुबान पर संयम रखें और ऊलजलूल बयानबाजी से बचें. इस बैठक में उनका जोर इस बात पर रहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें और लोगों की समस्याओं को समझें और उनसे संवाद बनाएं.
जनता के असंतोष को बनाएं ताकत
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को मूलमंत्र देते हुए कहा कि जनता के बीच सरकार को लेकर जो असंतोष है, उसे पार्टी की ताकत बनाया जाए. कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और उन्हें पार्टी से जोड़ने का काम करें. इसके साथ ही सरकार की कमियों को जनता के सामने रखे और सपा के अच्छे कामों को बताया जाए.
बैठक में सरकार के वादों को भी जनता के बीच प्रचारित करने की रणनीति पर जोर दिया गया. कार्यकर्ताओं को कहा गया कि सरकार ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें लोगों को याद दिलाया जाए और जमीन पर उनकी स्थिति बताई जाए. जिससे उन्हें पता चले कि बीजेपी बातें कुछ और दावे कुछ और करती है.
बयानबाजी नहीं, जनता के मुद्दों पर फोकस
अखिलेश यादव का संदेश साफ रहा कि कार्यकर्ता अनावश्यक विवादों में पड़ने के बजाय जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करें. बैठक में कार्यकर्ताओं को यह भी संदेश दिया गया कि पार्टी की रणनीति को जमीन तक पहुंचाने के लिए लगातार जनता के बीच रहना होगा. उन्होंने आगामी चुनाव में सपा की जीत के लिए पूरा जोर लगाने के निर्देश दिए और जमीन पर सक्रिय रहने को कहा है.
