‘भारत माता के सम्मान पर आघात है…’, लोकसभा में गिरा महिला आरक्षण बिल तो भड़के CM योगी आदित्यनाथ
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया सामने आई है. सरकार को दो-तिहाई बहुमत न मिलने पर महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल गिर गया है.
सीएम योगी ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आज भारत के महान लोकतंत्र के इतिहास में एक काला अध्याय जुड़ गया. विपक्ष द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के लिए जरूरी संविधान संशोधन बिल को पारित न होने देना ‘भारत माता’ के सम्मान पर आघात है.
उन्होंने आगे कहा कि देश की समूची मातृशक्ति के साथ धोखा है. उनके लोकतांत्रिक अधिकार का हरण है. कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन ने अपनी नारी विरोधी मानसिकता को दर्शाया है. देश की नारी शक्ति सब देख और समझ रही है.
समय आने पर नारी इसका उत्तर देगी- सीएम योगी
सीएम योगी ने आगे कहा कि नारी इस छल एवं अन्याय को याद रखेगी तथा समय आने पर इसका उत्तर भी देगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति के सम्मान, गरिमा और अधिकारों की रक्षा तथा उनके सशक्तीकरण के लिए NDA गठबंधन के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे.
बिल गिरने पर स्पीकर ने क्या कहा?
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इस बिल पर विचार करने पर मत विभाजन के दौरान पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े.ओम बिरला ने कहा कि इस बिल पर आगे की कार्यवाही पर फैसला संभव नहीं है, क्योंकि यह बिल विचार करने के लिए पेश किए जाने के लेवल पर ही गिर गया है.
राहुल गांधी ने दी यह प्रतिक्रिया
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह बिल संविधान पर आक्रमण था. इसको हमने हरा दिया है तो अच्छी बात है. राहुल गांधी ने कहा कि हमने संविधान पर हुए इस हमले को हरा दिया है. हमने साफ तौर पर कहा है कि यह महिला आरक्षण बिल नहीं है, बल्कि यह भारत की राजनीतिक संरचना को बदलने का एक तरीका है. हमने इसे रोक दिया है.
