इंडिया गठबंधन की बैठक पर चिराग पासवान का बड़ा बयान, ‘DMK जैसी पार्टियां अब…’
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक होने जा रही है और इस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की प्रतिक्रिया आई है. सोमवार (08 जून, 2026) को उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि तथाकथित इंडिया गठबंधन में दरारें देखने को मिल रही हैं.
उन्होंने कहा, “सत्ता की लालच में कांग्रेस ने अपने पुराने सहयोगी के साथ छल किया है. DMK जैसी पार्टियां अब कांग्रेस से दूरी बनाएंगी. ममता बनर्जी INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ही वहां उपस्थित हो गई हैं… यह INDIA गठबंधन एक-दूसरे की कमियां छिपाने के लिए एक समझौता है, इसी कारण ये आज तक सफल नहीं हो पाए हैं…”
क्या बोले कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह?
उधर इस बैठक पर कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है. INDIA ब्लॉक की बैठक पर कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, “यह मेरी निजी राय का सवाल नहीं है. सरकार जिस तरह से काम कर रही है, महंगाई जिस तरह से आसमान छू रही है और बेरोजगारी जिस तरह से बढ़ी है, उसे देखिए…”
उन्होंने कहा, “लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे युवा प्रभावित हो रहे हैं. आपने NEET परीक्षा को लेकर हालात देखे ही होंगे, लोगों में निराशा का माहौल है… इसलिए, सभी राजनीतिक पार्टियां भाजपा के खिलाफ एकजुट हो रही हैं. भले ही 1-2 पार्टियां अभी हिचकिचा रही हों- शायद आपसी कलह या पुरानी दुश्मनी की वजह से लेकिन आखिरकार उन्हें साथ आना ही होगा…”
बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने इस बैठक पर कहा, “INDIA गठबंधन नाम की कोई वस्तु नहीं है. INDIA गठबंधन लोकसभा चुनाव के बाद ही भंग हो गया था. इनके पास नेता, नीति और नेतृत्व नहीं है. बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी को कोसने के अलावा इन लोगों का कोई एजेंडा नहीं है. ये लोग केवल सुविधा की राजनीति करते हैं…”
