चिलकाना पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, चार शातिर चोर गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद
सहारनपुर। थाना चिलकाना पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि 18 सितंबर को कार्तिक पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम सीकरी कलां, थाना चिलकाना ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और 16 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसपी सिटी ने बताया कि थाना प्रभारी अक्षय शर्मा और उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को साइफन पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी पुत्र भोपाल निवासी नंदपुरी थाना कुतुबशेर, कार्तिक पुत्र संजय निवासी बागवाला मोहल्ला मानकमऊ, अभिषेक पुत्र विनोद निवासी गेंदी का मंदिर मानकमऊ तथा अजहर पुत्र मोईउद्दीन निवासी इस्लामिया इंटर कॉलेज के पास मोहल्ला मछियारा वाला, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 2,200 रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन के समय घूमकर खाली पड़े मकानों की पहचान करते थे। इसके बाद मौका देखकर मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तीन-चार दिन पहले उन्होंने ग्राम सीकरी में दिन के समय एक घर में घुसकर चोरी की थी। बरामद सामान उसी घटना से संबंधित है।
आरोपियों के मुताबिक, वे चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए सुनार के पास जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
