‘पीछा करें या सड़क साफ करें…’, RTO के डर से हाईवे पर फेंके पत्थर तो अखिलेश यादव ने ली चुटकी

‘पीछा करें या सड़क साफ करें…’, RTO के डर से हाईवे पर फेंके पत्थर तो अखिलेश यादव ने ली चुटकी

ग्रेटर नोएडा में ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर आरटीओ के डर से डंपर चालक ने सड़क पर ही पत्थर फैला दिए, जिसके बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालत ये हो गई कि यूपी पुलिस को सड़क से ये पत्थर हटाने पड़े. इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी पुलिस पर तंज कसा है.

ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे से पत्थर हटाते हुए पुलिस कर्मियों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें पुलिस वाले भीषण गर्मी में हाथ में फावड़ा लेकर सड़क से पत्थर हटाते हुए दिख रहे हैं. अखिलेश यादव ने इसी को लेकर पुलिस पर चुटकी ली है.

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव  ने ली चुटकी

अखिलेश यादव ने पुलिसकर्मियों द्वारा सड़क से पत्थर हटाने का वीडियो  अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इसे शेयर किया और चुटकी लेते हुए लिखा- ‘यूपी पुलिस बेचारी क्या-क्या करे, भाजपा सरकार के लिए अवैध वसूली करे या अवैध माल लदे ट्रक का पीछा करे या सड़क साफ करे.’

हाईवे पर डंपर चालक ने फैलाए पत्थर

बता दें कि ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफेरल पर पत्थरों से भरा एक डंपर गाजियाबाद की तरफ जा रहा था. इसी दौरान चक्रसैनपुर गांव के पास आरटीओ ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन ड्राइवर ने ट्रक रोकने की जगह उसे तेजी से दौड़ा दिया. आरटीओ की टीम ने जब उसका पीछा करने की कोशिश की तो ड्राइवर ने डंपर का जैक उठा दिया. जिसकी वजह से सड़क पर बड़े—बड़े पत्थर जा गिरे.

सड़क पर जगह-जगह अचानक पत्थरों गिरने की वजह से कई वाहन जस के तस रुक गए. इस दौरान कई गाड़ियों के टायर भी पंचर हो गए, जिसकी वजह से हाईवे पर जाम लग गया और लोग भीषण गर्मी  घंटों परेशान हो गए. इस घटना की सूचना मिलने पर दादरी कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. जिसके बाद जेसीबी व फावड़ों की मदद से सड़क से भारी पत्थर हटवाए गए. तब कहीं जाकर यातायात सुचारू हो सका.