दूल्हे समेत 10 को लगी गोली, फिर दुल्हन पक्ष के लोगों की बरातियों के साथ जमकर मारपीट
मेरठ के खेड़ी गांव में चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग में दूल्हे समेत 10 लोगों को गोली लग गई। इस घटना के बाद बरातियों और घरातियों में जमकर मारपीट हुई। दूल्हा पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार खेड़ी गांव में बुधवार देर रात बहसूमा के गांव भाकिपुरिया निवासी शुभम की बरात आई थी। आरोप है कि चढ़त के दौरान दुल्हन पक्ष से उसके चाचा नरेश व यशपाल लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इस दौरान घोड़ी पर बैठे दूल्हे व डांस कर रहे बरातियों को गोली लग गई। दूल्हे व बरातियों को लहूलुहान देख हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सहायता से सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, इस घटना के बाद बरातियों में आक्रोश फैल गया और उनकी दुल्हन पक्ष के लोगों से जमकर मारपीट हो गई।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन उससे पहले ही गांव के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया। सभी घायलों की हालत सामान्य बताई गई। दूल्हे के भाई निशांत ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि जांच में जो दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।