पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच चले लाठी डंडे, दो महिलाओं समेत सात घायल
- खेड़ामुगल क्षेत्र के शिवपुर गांव का मामला, पुलिस जांच में जुटी
देवबंद। शिवपुर गांव में रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। इसमें दोनों पक्षों के दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो लोगों को नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
खेड़ामुगल क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी नीटू और कालू के परिवार के बीच मारपीट के मामले को लेकर काफी पहले से रंजिश चल रही है। शुक्रवार की रात इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर लाठी डंडे लेकर हमलावर हो गए। इसमें एक पक्ष के नीटू समेत रजत, चेतू, अंकित जबकि दूसरे पक्ष के कालू, ऊषा, गुडिया आदि घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से नीटू और कालू को नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ शैलेंद्र गौतम का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर रंजिश चल रही है। इसी के चलते उनमे मारपीट हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
