खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने चौकी पर किया हंगामा

खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने चौकी पर किया हंगामा

देवबंद/तल्हेड़ी बुजुर्ग: तल्हेड़ी-पनियाली मार्ग स्थित एक खेत में ट्यूबवेल पर युवक का शव पड़ा मिला। आरोप है कि पुलिस ने शव को बिना शिनाख्त किए ही मोर्चरी भिजवा दिया और ढ़ाई घंटे बाद उसी के मोबाइल से परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। गुस्साए ग्रामीणों ने तल्हेड़ी पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया कई बार हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास भी किया।

बेगमपुर निवासी गुरमीत (22) हलवाई के यहां लेबर का कार्य करता था। शनिवार की सुबह 11 बजे वह घर से तल्हेड़ी बुजुर्ग-पनियाली मार्ग स्थित एक बैंक्वेट हॉल में काम पर गया था। दोपहर बारह बजे पनियाली मार्ग स्थित एक खेत में ट्यूबवेल पर उसका शव पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और बिना शिनाख्त कराए ही शव को मोर्चरी भिजवा दिया। इसके ढ़ाई घंटे बाद पुलिस ने गुरमीत के ही मोबाइल फोन से उसके परिजनों को शव मिलने की जानकारी दी। जिसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण और भीम आर्मी जिलाध्यक्ष शौर्य आंबेडकर सहित कार्यकर्ता तल्हेड़ी पुलिस चौकी पहुंचे और जमकर हंगामा करना शुरु कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर कई बार जाम लगाने का प्रयास भी किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने शव की शिनाख्त कराए बिना ही उसे मोर्चरी भिजवा दिया और बाद में परिवार को सूचना दी गई। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। इस दौरान ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हंगामा की जानकारी मिलने पर पुलिस के अधिकारी भी वहां पहुंच गए और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply