डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति सेवा न्यास का प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, सेवा कार्यों को और प्रभावी बनाने पर मंथन
- सहारनपुर में सेवा केंद्रों से प्रतिधियों को सम्मानित करते अतिथिगण।
सहारनपुर। डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति सेवा न्यास के तत्वावधान में संचालित जनपद के सभी सेवा केंद्रों के संचालक एवं संचालिकाओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में सभी ने अपने-अपने केंद्रों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। बुधवार को देहरादून चैक स्थित मधुकर कुंज में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एसपी व्योम विदल एवं विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल देवी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके किया गया।
इस अवसर पर अतिथिगण ने कहा कि न्यास द्वारा समाज हित में किए जा रहे सेवा कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि संस्था निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति सेवा न्यास नर सेवा ही नारायण सेवा के मूल मंत्र को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। प्रशिक्षण वर्ग में प्रांत सह-व्यवस्था प्रमुख विनय ने सेवा केंद्रों पर संचालित गतिविधियों की गहन समीक्षा करते हुए संगठनात्मक मजबूती एवं सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। वहीं प्रांत सेवा प्रमुख कुलदीप ने केंद्रों पर चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों को और अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं समाजोपयोगी बनाने को लेकर मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में सहारनपुर विभाग के 50 सेवा केंद्रों से आए प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने-अपने केंद्रों की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेधावी प्रतिभागियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विभाग सेवा प्रमुख रामपाल, महानगर सेवा प्रमुख योगेंद्र शर्मा, सह सेवा प्रमुख कालूराम सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। न्यास के अध्यक्ष फूलसिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष सुनील एवं विभाग प्रचारक आशुतोष ने संयुक्त रूप से किया।
