भाकियू रक्षक ने किया जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय का घेराव, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग
सहारनपुर। बजाज शुगर मिल पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (रक्षक) के कार्यकर्ताओं ने जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कार्यालय पहुंचे और भुगतान की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
भारतीय किसान यूनियन (रक्षक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह औलहान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी को अपने बीच बैठाकर विरोध दर्ज कराया। किसानों का आरोप था कि बजाज शुगर मिल प्रबंधन भुगतान में लगातार देरी कर रहा है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि मिल अधिकारियों का कहना है कि वे जिला गन्ना अधिकारी को 5 प्रतिशत कमीशन देते हैं, इसलिए समय पर भुगतान संभव नहीं है। किसान नेताओं ने कहा कि गन्ना किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराया जाए, अन्यथा आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक किसानों के गन्ने का बकाया मूल्य नहीं दिया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। धरने में बिल्लू त्यागी, जितेंद्र कुमार, सूबेसिंह, रविंद्र सैनी, सुनील ठाकुर, अमित ओल्हान, अनिरुद्ध सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।
