“5 राज्यों के चुनावों में BJP लगाएगी जीत की हैट्रिक”, बंगाल में जारी मतदान के बीच PM मोदी का बड़ा दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में जीत की ‘हैट्रिक’ लगाएगी।
पश्चिम बंगाल में 142 विधानसभा सीट के लिए दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है। इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ समय पहले जब बिहार में विधानसभा चुनाव हुए तो बीजेपी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने प्रचंड जीत दर्ज की और एक इतिहास रच दिया था।
“04 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे”
उन्होंने कहा, “अभी कल ही गुजरात में महानगरपालिका, नगर पालिका, जिला पंचायत, नगर पंचायत, तहसील पंचायत इन सब के चुनाव के नतीजे आए हैं और आप मेरे उत्तर प्रदेश वासियों को खुशी होगी कि 80 से 85 प्रतिशत नगर पालिकाओं और पंचायतों में बीजेपी ने जीत दर्ज की है। मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत के साथ ‘हैट्रिक’ लगाने जा रही है।”
उन्होंने कहा कि 04 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे और देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे। उन्होंने कहा, “आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं उनसे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है।” उन्होंने कहा कि पहले चरण की तरह ही लोग वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रहे हैं, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया में छाई हुई हैं।
बंगाल में लोग भय मुक्त होकर वोट दे रहे हैं: प्रधानमंत्री मोदी
उन्होंने कहा, “पिछले छह-सात दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है। लोग भय मुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वह अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है।” उन्होंने कहा कि अभी मतदान खत्म होने में कई घंटे बाकी हैं। उन्होंने आगे कहा, “मैं बंगाल की जनता से आग्रह करूंगा कि लोकतंत्र के इस पर्व में ऐसे ही उत्साह से भाग ले।”
