‘बंगाल-असम-पुडुचेरी में BJP ने सरकार बनाकर विभाजनकारी सोच वालों को दिखाया आईना’, सहारनपुर में CM योगी

‘बंगाल-असम-पुडुचेरी में BJP ने सरकार बनाकर विभाजनकारी सोच वालों को दिखाया आईना’, सहारनपुर में CM योगी

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि असम में तीसरी बार, पुडुचेरी में दूसरी बार और बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाकर उन सभी राजनीतिक विश्लेषकों को आईना दिखाया जो विभाजनकारी सोच रखते हैं। सीएम ने यह विचार गुरुवार को देवबंद तहसील के गांव जड़ौदा जट्ट में जनसभा को संबाेधित करते हुए व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो जनप्रतिनिधि और सरकार जनभावनाओं का सम्मान करेगी, वह रीपीट करेगी। यदि ऐसा नहीं करेगी तो जनता जवाब देगी। यह चुनाव परिणाम उनके लिए आइना है। यह बताता है कि समाज विभाजित नहीं होगा। बल्कि विभाजनकारी ताकतों का नाश करके अपना अखंड शंखनाद करेगा।

2017 से पहले के सहारनपुर को याद करिए। दंगे हो रहे थे। देश की राजधानी तक पहुंचने के लिए छह से आठ घंटे लगते थे। सहारनपुर अपनी पहचान के लिए मोहताज था। अन्नदाता किसान परेशान था। नौजवान पलायन करने को मजबूर था। पलायन के साथ व्यापारी-उद्यमी बेचैन थे। देवबंद से फतवे जारी होते थे तो लोगों को लगता था कि जाने क्या हो जाएगा

डबल इंजन की सरकार ने बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2013-14 में मुजफ्फरनगर-शामली में दंगे हो रहे थे। 2016 में इसी सहारनपुर में दंगे हुए थे। कैराना में पलायन हो रहा था। पश्चिम उत्तर प्रदेश जल रहा था। 2017 में प्रदेश में सरकार बनी डबल इंजन की सरकार। इसके बाद तस्वीर बदली।

सहारनपुर की काष्ठ कला को विश्वस्तरीय पहचान मिली है। गत 14 अप्रैल को देहरादून-सहारनपुर-शामली-बागपत के एक्सप्रेसवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया। अब दो घंटे में दूरी तय हो जाती है। दिल्ली-देहरादून के बीच सहारनपुर में इंडस्ट्रीयल लाजिस्टिक सेंटर बनाने जा रहे हैं।

इससे पहले जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, देश की पहली रैपिड रेल को मेरठ में और 24 अप्रैल को देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया है। सहारनपुर के लोगों को भी इनका लाभ मिल रहे हैं।

डबल इंजन सरकार ने सहारनपुर को वह दिया, जो आपने सोचा भी नहीं होगा। आगे भी सरकार देती रहेगी। बेटियों की सुरक्षा, नौजवानों को राजगार, कारीगरों के सम्मान के लिए सरकार वह सब करेगी जो जरूरी होगा, लेकिन आपको अपने जनप्रतिनिधियों के साथ मजबूती के साथ खड़े रहना होगा।

फतवे की कुसंस्कृति से सहारनपुर मुक्त

उन्होंने कहा कि सहारनपुर में मां शाकंभरी के नाम पर विश्वविद्यालय है, जिसका जल्द भव्य उद्घाटन होगा। एयरपोर्ट अंतिम चरण में है। बेहट में स्पोर्ट्स कालेज, दूषित जल से मुक्ति और मां शाकंभरी के दर्शन के लिए एलिवेटेड हाईवे बन रहा है। मां शाकंभरी कारिडोर में बेहतरीन काम हो रहा है। फतवे की कुसंस्कृति से मुक्त होकर सहारनपुर खुद को गति-प्रगति देकर भारत की समृद्धि में सहयोग कर रहा है।

पूरा उत्तर प्रदेश एक साथ विकास की गति से आगे बढ़ रहा है। विकास में बाधक तत्व जाति के नाम पर बांटने का काम करेंगे। तुष्टिकरण की राजनीति करेंगे। फतवे की संस्कृति का विश्वास करने वाले, गुंडों को आश्रय देने वाले जाति के नाम पर बांटने का काम करेंगे, लेकिन बंटना नहीं है। ऐसे लोग समाज में अलगाव पैदा करने का कुत्सित प्रयास किया जाता है। माफिया को संरक्षण देकर युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा किया जाता है।

अब उत्तर प्रदेश बीमारू नहीं

सीएम ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश बीमारू नहीं है। अब उत्तर प्रदेश ग्रोथ इंजन है। याद कीजिए पहले जब आप जाते थे अपनी पहचान छिपानी पड़ती थी। अब आप गर्व से कहते हैं कि यूपी से सहारनपुर से बताते हैं। पहले जो यूपी का नाम सुनकर नाक-मुंह सिकोड़ते थे अब वह अपनेपन से चमक उठता है। यह पहचान बनाए रखने की जरूरत है।

हमने बिना रुके, बिना झुके, बिना डिगे प्रत्येक तबके को विकास और योजनाओं को लाभ दिया। वंचितों को पिछड़ों को वरीयता मिली है। उसका परिणाम सामने है। उत्तर प्रदेश विकास कर रहा है।

अब जब हम भर्ती करते है तो देखता हूं कि सहारनपुर के 400-500 नौजवान शामिल होते हैं। हर जनपद का नौजवान आज नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहा है। पहले भेदभाव होता था। पहले जाति का भेदभाव, क्षेत्र का भेदभाव, पैसे का लेन-देन होता था। हमने इसे खत्म किया। 25 करोड़ लोगों के विकास के लिए काम करना है।

आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त है। गुंडा मुक्त है। कर्फ्यू मुक्त है। अब कोई जन्माष्टमी पर रोक नहीं लगा सकता। अब कोई कांवड़ यात्रा नहीं रोक सकता है। अब कोई बहन-बेटी को छेड़ नहीं सकता। व्यापारी का अपहरण नहीं कर सकता। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे उसका अंजाम भी पता है। आज मैं इसी का विश्वास दिलाने आया हूं। इस गति का आधार हैं मंच पर बैठे जनप्रतिनिधि।

Leave a Reply