CM शुभेंदु के सख्त एक्शन से डरे बांग्लादेशी, वापस जाने के लिए सीमा के पास लगी घुसपैठियों की भीड़
पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठियों के खिलाफ प्रशासन का अभियान शुरू हो गया है। शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री का पद संभालते ही बंगाल में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया है। ऐसे में CM शुभेंदु के सख्त एक्शन से बांग्लादेशी घुसपैठियों के बीच खलबली मच गई है। बांग्लादेश वापस जाने के लिए बॉर्डर के पास वाले इलाकों में घुसपैठियों की भीड़ जुटने लगी है।
SIR के दौरान भी लौटे थे बांग्लादेशी
आपको बता दें कि कुछ महीने पहले पश्चिम बंगाल में SIR की घोषणा के बाद नॉर्थ 24 परगना जिले के स्वरूपनगर में बिथरी हकीमपुर चेक पोस्ट से हजारों अवैध घुसपैठिए बांग्लादेश वापस चले गए थे। वे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अवैध रूप से रह रहे थे। हाल ही में राज्य में सरकार बदलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। एक बार फिर से बिथरी हकीमपुर चेक पोस्ट पर वही तस्वीर कैद हुई है। चेक पोस्ट पर बांग्लादेश वापस जाने के लिय फिर से घुसपैठियों की भीड़ देखने को मिल रही है।
दलालों की मदद से आए थे घुसपैठिए
सोमवार को दोपहर के बाद, कई बांग्लादेशी अवैध घुसपैठिए बिथरी हकीमपुर चेक पोस्ट पर बांग्लादेश लौटने का इंतजार करते दिखे। घुसपैठियों का दावा है कि वे दलालों की मदद से बॉर्डर पार करके एक से डेढ़ साल पहले काम के लिए बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में आए थे। मुख्यमंत्री के घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश के बाद ही वे सभी अवैध घुसपैठिए बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहे हैं। बीएसएफ से हरी झंडी मिलते ही उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा।
