आयुष्मान सारथी लॉन्च: अब व्हाट्सएप पर मिलेगी आयुष्मान भारत की सुविधाएं, आरोग्य सेतु 2.0 भी हुआ पेश
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की। उन्होंने आयुष्मान भारत के लिए ‘आयुष्मान सारथी’ नामक व्हाट्सएप चैटबॉट, राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा दिशानिर्देश, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य के लिए ‘सुमन रोडमैप 2030’, समग्र शिशु एवं बाल स्वास्थ्य कल्याण कार्यक्रम तथा एनीमिया मुक्त भारत अभियान सहित कई योजनाओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जेपी नड्डा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ भारत का निर्माण सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना और हेल्पलाइन पर निर्भर हुए बिना स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
व्हाट्सएप पर उपलब्ध होगा ‘आयुष्मान सारथी’
आयुष्मान सारथी एक अत्याधुनिक व्हाट्सएप चैटबॉट है, जो आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को 24 घंटे सेवाएं प्रदान करेगा। इसके माध्यम से लोग अपनी पात्रता की जांच कर सकेंगे, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन और डाउनलोड कर सकेंगे, ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे तथा आधार लिंकिंग जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इसके अलावा, उपयोगकर्ता प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) कार्ड को लॉक या अनलॉक कर सकेंगे तथा 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड से संबंधित सेवाओं का भी लाभ ले सकेंगे।
इलाज का रिकॉर्ड और अस्पतालों की जानकारी भी मिलेगी
आयुष्मान सारथी के जरिए लाभार्थी अपने इलाज के लिए उपलब्ध शेष बीमा राशि, उपचार का इतिहास और योजना से जुड़े अन्य विवरण देख सकेंगे। साथ ही, वे अपने नजदीकी सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, शिकायत दर्ज कर उसकी स्थिति ट्रैक कर सकेंगे, कॉलबैक का अनुरोध कर सकेंगे और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अपनी प्रतिक्रिया भी दर्ज करा सकेंगे।
सरकार का उद्देश्य इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच, पारदर्शिता और नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देना है।
आरोग्य सेतु 2.0 का भी हुआ शुभारंभ
कोविड-19 महामारी के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आरोग्य सेतु ऐप का नया संस्करण ‘आरोग्य सेतु 2.0’ भी लॉन्च किया गया। यह अब व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड के लिए एक व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत विकसित यह एप्लिकेशन उपयोगकर्ताओं को स्वास्थ्य बीमा कवरेज और क्लेम की स्थिति ट्रैक करने की सुविधा देगा। इसके माध्यम से नागरिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) आईडी बना सकेंगे, अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड का प्रबंधन कर सकेंगे तथा ‘स्कैन एंड शेयर’ सुविधा के जरिए अस्पतालों में डिजिटल पंजीकरण करा सकेंगे।
इसके अलावा, आयुष्मान भारत के लाभार्थी व्यक्तिगत और पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा कवरेज की वास्तविक समय में जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस भी लॉन्च
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस (यूएचआई) प्लेटफॉर्म का भी शुभारंभ किया। यह एक इंटरऑपरेबल डिजिटल नेटवर्क है, जो नागरिकों को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सत्यापित स्वास्थ्य सेवाओं को खोजने, बुक करने और उनका उपयोग करने की सुविधा प्रदान करेगा।
यूएचआई की खासियत यह है कि उपयोगकर्ताओं को किसी एक विशेष एप्लिकेशन तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि वे विभिन्न स्वास्थ्य सेवा प्लेटफॉर्म तक एकीकृत और सुगम पहुंच प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि यह पहल देश में डिजिटल स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक मजबूत बनाएगी।
