अशोक गहलोत ने BJP-RSS पर साधा निशाना, बोले- ‘वंदे मातरम से इनका क्या संबंध?’
जयपुर। ‘वंदे मातरम’ को लेकर जारी सियासी विवाद के बीच राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है। गहलोत ने सवाल उठाया कि भाजपा और आरएसएस का ‘वंदे मातरम’ से आखिर क्या संबंध है।
गहलोत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चित्तौड़गढ़ में दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस को ‘वंदे मातरम’ पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान आरएसएस और उसकी विचारधारा का इस गीत से कोई संबंध नहीं रहा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमित शाह ने चित्तौड़गढ़ में ‘वंदे मातरम’ पर ज्ञान बांटा, जिसे सुनकर इतिहास के जानकारों को हंसी आई। गहलोत ने दावा किया कि आज भाजपा इतिहास पर प्रवचन दे रही है और संसद में ‘वंदे मातरम’ को लेकर कानून बनाने की बात कर रही है।
गहलोत ने भाजपा पर ‘वंदे मातरम’ को राजनीतिक मुद्दा बनाने का भी आरोप लगाया। उनके मुताबिक, यह गीत देशवासियों को एकजुट करने और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान प्रेरणा देने वाला रहा है, लेकिन भाजपा इसका इस्तेमाल समाज और देश को बांटने के लिए कर रही है।
गौरतलब है कि ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण गायन को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच हाल के दिनों में राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई है। अमित शाह ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा था, जिसके बाद गहलोत ने पलटवार किया।
