सहारनपुर के जिलाधिकारी बने अरविंद कुमार चौहान, मनीष बंसल हुए आगरा स्थानांतरित
- सहारनपुर के नवनियुक्त जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार चैहान सहारनपुर के नए जिलाधिकारी बने हैं। शामली से स्थानांतरित होकर आए अरविंद कुमार चौहान अपनी विशिष्ट कार्यशैली और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी अरविंद कुमार चौहान ने विज्ञान स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है।
आईएएस बनने के बाद वे आजमगढ़, मिर्जापुर, बहराइच और प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण जिलों में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सहारनपुर आने से पहले वे शामली के जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। अरविंद कुमार चौहान उस वक्त देशभर की सुर्खियों में आए थे जब शामली में तैनाती के दौरान उन्होंने प्रोटोकॉल को किनारे रखकर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की समस्या सुनने के लिए उनके पास जमीन पर बैठकर बात की थी। उनकी इस सादगी और संवेदनशीलता की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हुई थी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने विकास कार्यों और प्रशासनिक कसावट को लेकर अपनी एक मजबूत छवि बनाई है।
