बंगाल के नतीजों का जिक्र कर अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान, ‘जीत कैसे सकते हो, जब सारे…’

बंगाल के नतीजों का जिक्र कर अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान, ‘जीत कैसे सकते हो, जब सारे…’

4 मई को घोषित विधानसभा चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पूरे देश के अंदर आज एक बड़ा संकट छाया हुआ है. भारतीय जनता पार्टी ने जिस तरह से जनतंत्र को हाईजैक कर लिया है, जनतंत्र की हत्या कर दी है. देश में कहीं भी कोई भी पार्टी जीतकर आ जाए, इनको कोई फर्क नहीं पड़ता. कल बंगाल के रिजल्ट आए. उन्होंने कहा कि ये कोई चुनाव थोड़ी था. पिछले तीन चार महीने से हम देख रहे हैं कि तांडव चल रहा था.

‘मैं जब जेल गया उससे पहले विधानसभा में…’

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, “उसी तरह से उन्होंने बिहार के अंदर किया. उसी तरह से उन्होंने महाराष्ट्र के अंदर किया. उसी तरह से मेरी अपनी विधानसभा, जब मैं जेल गया उससे पहले इस विधानसभा में 1 लाख 48 हजार वोट थे. जब मैं लौटकर आया तो 1 लाख 6 हजार वोट बचे थे. 42 हजार वोट इन्होंने छह महीने के अंदर कटवा दिया. मैं पिछली बार 30 हजार वोटों से जीता था. 42 हजार वोट कटवा दिए, मैं तीन हजार वोटों से हार गया. जीत कैसे सकते हो जब सारे ही वोट कटवा देंगे. उसके बाद तो कुछ भी नहीं बचा.”

पूरे देश में यही तांडव चल रहा है- अरविंद केजरीवाल

इसके साथ ही उन्होंने कहा, “पूरे देश में यही तांडव चल रहा है. आज जनतंत्र के ऊपर संकट है. जो हमारे शहीदों ने अपनी जान कुर्बान करके आजादी दिलाई, उस आजादी पर संकट आया हुआ है.

अरविंद केजरीवाल ने टीएमसी के लिए किया था प्रचार

बता दें कि बंगाल चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने टीएमसी के लिए चुनाव प्रचार किया था. विधानसभा चुनाव के नतीजों में ममता बनर्जी की पार्टी को बुरी हार का सामना करना पड़ा. बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत हासिल की. वहीं टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई. यहां तक ममता बनर्जी अपनी खुद की सीट भवानीपुर से हार गईं.

Leave a Reply